logo
Latest

सौ पदक : एशियाई खेलों में भारत की बेमिसाल उपलब्धिः प्रधानमंत्री


नई दिल्ली : एशियाई खेलों में भारत के 100 पदक पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। इसे अहम उपलब्धि बताते हुए पीएम मोदी ने शनिवार को कहा कि वह भारतीय दल का 10 अक्टूबर को स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘हर अद्भुत प्रदर्शन ने इतिहास रचा और हमारा ह्रदय गर्व से भर दिया। मैं 10 अक्टूबर को हमारे एशियाई खेलों के दल का स्वागत करूंगा और खिलाड़ियों से बात करूंगा।’ उन्होंने कहा कि भारत के लोग रोमांचित हैं कि हमने 100 पदकों की उपलब्धि हासिल की। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हांगझोऊ में एशियाई खेलों में बैडमिंटन पुरुष युगल में स्वर्ण पदक जीतने पर सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी व एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर कबड्डी महिला टीम और एशियाई खेलों में कंपाउंड तीरंदाजी की पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर अभिषेक वर्मा को बधाई दी है।

केंद्रीय युवा और खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने चीन में आयोजित हो रहे 19वें एशियाई खेलों में भारत के पदकों की संख्या 100 से अधिक होने पर एथलीटों को बधाई दी है। उन्होंने कहा, “140 करोड़ भारतीयों की ओर से सभी खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं।” वे भविष्य के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों के 72 वर्षों के इतिहास में हमारे एथलीटों ने इस बार कई रिकॉर्ड तोड़े हैं और कई नए एशियाई रिकॉर्ड भी स्थापित किए हैं। एथलेटिक्स में 29 मैडल और निशानेबाजी में 22 पदक जीतकर नए रिकॉर्ड बनाए गए हैं। श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण और उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं एवं हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से ही भारत द्वारा 100 से अधिक पदक जीतना सुनिश्चित हुआ है। मैं इन एशियाई खेलों में इतिहास रचने के लिए सभी खिलाड़ियों को सलाम करता हूं।

 

TAGS: No tags found

Video Ad


Top