Connect with us

जाट भवन में धूमधाम से मनाया गया हरियाणा दिवस

चडीगढ

जाट भवन में धूमधाम से मनाया गया हरियाणा दिवस

सांसद मनीष तिवारी ने किया नवनिर्मित लिफ्ट का उद्घाटन

रागनियों के बोल और लोक संस्कृति के बिखरे रंग

चण्डीगढ़ : जाट सभा पंचकूला-चंडीगढ़ द्वारा ‘हरियाणा दिवस’ के पावन अवसर पर सेक्टर-27 स्थित जाट भवन में एक भव्य और ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया। जाट सभा के प्रधान एवं पूर्व डीजीपी डॉ. महेंद्र सिंह मलिक की अध्यक्षता में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए आधुनिक लिफ्ट समर्पित
समारोह की शुरुआत में मुख्य अतिथि सांसद मनीष तिवारी ने जाट भवन परिसर में आम जनता की सुविधा के लिए नवनिर्मित आधुनिक लिफ्ट  का  विधिवत उद्घाटन किया। गौरतलब है कि इस लिफ्ट का निर्माण सांसद मनीष तिवारी की सांसद निधि कोटा के सौजन्य से कराया गया है। इस अवसर पर सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि जाट भवन समाज सेवा का एक बड़ा केंद्र है। इस लिफ्ट के शुरू होने से यहाँ आने वाले बुजुर्गों और जरूरतमंदों को बड़ी सुविधा मिलेगी। विकास कार्यों के लिए मेरे फंड के दरवाजे हमेशा खुले हैं और चंडीगढ़ की जनता की सेवा ही मेरी प्राथमिकता है। जाट सभा के प्रधान डॉ. एम. एस. मलिक ने लिफ्ट के लिए सांसद का दिल से आभार व्यक्त किया।
शिक्षा और समाज पर विशेष व्याख्यान
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में शिक्षा और समाज से जुड़े समसामयिक विषयों पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रोफेसर हरबंस सिंह ने नैतिक मूल्यों और आधुनिक शिक्षा के समन्वय पर जोर दिया। वहीं, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के समाजशास्त्र विभाग से प्रोफेसर विनोद कुमार चौधरी ने समाज में आ रहे बदलावों और युवाओं की भूमिका पर ज्ञानवर्धक विचार साझा किए। जाट सभा के पब्लिक रिलेशन अधिकारी सतीश बजाड़ ने समाज को एकजुट होने और शिक्षा के प्रचार-प्रसार का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पंजाब के उद्योगपतियों ने की मुलाकात

रागनियों और लोक गीतों की शानदार प्रस्तुति

हरियाणा दिवस के इस उत्सव को यादगार बनाने के लिए आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया। हरियाणा के सुप्रसिद्ध कलाकार राधेश्याम सैनी ने अपनी बुलंद आवाज में पारंपरिक हरियाणवी रागनियों की झड़ी लगा दी। उन्होंने जैसे ही ऐतिहासिक और वीर रस से भरी रागनी के बोल—”सदा टलती आई संकट की, आज घड़ी परीक्षा की आई…” और “हरियाणे की माटी का भाई रूप निराला सै…” गाए, तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी रागनियों में हरियाणा के इतिहास, किसानी और गौरवशाली संस्कृति की सजीव झलक देखने को मिली। इसके बाद मशहूर लोक गायिका श्रीमती सुषमा मान ने अपने सुरीले हरियाणवी लोक गीतों की ऐसी बेहतरीन प्रस्तुति दी कि उपस्थित दर्शक और महिलाएं खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए।

यह भी पढ़ें 👉  अटल पेंशन योजना: आउटरीच कार्यक्रम आयोजित


गणमान्य हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति
जाट सभा के प्रधान डॉ. महेंद्र सिंह मलिक ने मुख्य अतिथि सांसद मनीष तिवारी, चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एच. एस. लक्की, हरियाणा के पूर्व डीजीपी जी. एस. मलिक, जाट सभा के सीनियर उप-प्रधान आर. के. मलिक और पूर्व आईजी ईश्वर सिंह दुहन सहित सभी वक्ताओं, कलाकारों और ट्राईसिटी से आए गणमान्य अतिथियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन आनंद सिंह लाठर ने बखूबी निभाया।
इस अवसर पर जाट सभा की कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्य और कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिनमें उप-प्रधान अशोक कुमार, उप-प्रधान जयपाल पुनिया, कार्यकारी सचिव बी. एस. गिल, वित्त सचिव रामफल नैन, जे. एस. ढिल्लो, मनबीर सांगवान, सतीश बजाड़, विमल जून, डी. आर. कैरो, हवा सिंह लोहान, सतबीर सिंह, नरेश दहिया, प्रेम सिंह और सुमेर सिंह सहित जाट सभा चंडीगढ़ के समस्त कार्यकर्ता शामिल हैं।

Continue Reading

More in चडीगढ

उत्तराखंड

उत्तराखंड

ट्रेंडिंग खबरें

To Top