चडीगढ
वाल्मीकि दयावान प्रभु जी मेरे अवगुण चित ना धरियो…
आर्टिस्ट वेलफेयर ग्रुप, चंडीगढ़ ने भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस पर भजनों से भक्तों को किया भाव-विभोर
50 से अधिक वरिष्ठ कलाकारों ने दी अपनी प्रस्तुतियां
चण्डीगढ़ : महर्षि वाल्मीकि शक्ति पीठ के तत्वावधान में भगवान वाल्मीकि जी का पावन प्रकट दिवस सेक्टर 24-सी स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में पूरी श्रद्धा, धार्मिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस भव्य धार्मिक समारोह में ट्रिसिटी (चंडीगढ़, मोहाली, पंचकुला) के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माथा टेका और प्रभु का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य संजय टंडन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सहित समस्त पदाधिकारियों और कलाकारों द्वारा फूलों की माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया गया।इस पावन अवसर पर आर्टिस्ट वेलफेयर ग्रुप के लगभग 50 वरिष्ठ कलाकारों ने मिलकर एक भव्य भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया। कलाकारों द्वारा सुबह से लेकर शाम तक लगातार 8 घंटे तक नि:शुल्क प्रभु के चरणों में संगीतमय हाजिरी लगाई गई। इस दौरान कलाकारों ने भगवान वाल्मीकि जी का गुणगान किया और संगीतमय कथा सुनाई।

कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि संजय टंडन ने कलाकारों की इस अनूठी और नि:स्वार्थ भक्ति सेवा की भरपूर सराहना की। उन्होंने ग्रुप के सभी वरिष्ठ कलाकारों को मंच पर पटका और अंगवस्त्र पहनाकर विशेष रूप से सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने “वाल्मीकि दयावान प्रभु जी मेरे अवगुण चित ना धरियो”, “जगत के गुरु वाल्मीकि महाराज”, “प्रकट भए हैं आज वाल्मीकि अंतर्यामी” और “भगवन वाल्मीकि के चरणों में शीश झुकाते हैं” जैसे सुप्रसिद्ध भजनों का गुणगान कर पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। इसके साथ ही पंच देवों के सुंदर भजनों पर सभी श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे।
यह कार्यक्रम ग्रुप के चेयरमैन संजीव ठाकुर, प्रधान विनोद वालिया, उप-प्रधान एच. एस. चन्नी, खजांची व ढोल प्लेयर अमरजीत, और सीनियर एडवाइजर महंत जे. के. शर्मा व महंत मायाराम की देखरेख में आयोजित किया गया, जहाँ कलाकारों ने सुरों की वर्षा की। गायक लोहारी राम, गुरमुख पप्पी, डी. पी. मोहाली, कुसुम वृंदावन, अशोक अर्श, सन्नी ऊनेवाला, अमर वालिया और नरेश जॉनी ने अपनी मधुर आवाज से भक्तों को निहाल किया। वहीं वाद्य यंत्रों पर साहिल कुमार (की-बोर्ड), अनिल कुमार (ढोलक) और विक्की (पैड प्लेयर) ने अपनी संगत से समां बांध दिया।
इस अवसर पर वाल्मीकि शक्ति पीठ के संत नवीन सरहदी जी महाराज सहित अध्यक्ष हाकम सरहदी, प्रेम शम्मी, गिरवर शर्मा और समस्त मंदिर कमेटी द्वारा ‘आर्टिस्ट वेलफेयर ग्रुप’ के सभी कलाकारों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. गिरीश सचदेवा (प्रिंसिपल), जया गोयल (फाउंडर, वॉइस ऑफ यूनिटी) और डॉ. अनिल शर्मा (प्रोफेसर, पंजाब यूनिवर्सिटी) सहित कई अन्य गणमान्य लोग शामिल थे, जिन्हें फूलमाला और पटका भेंट किया गया।
