अन्य
तरुण बजाज ने पंचकूला में पावरग्रिड के अंतरक्षेत्रीय सांस्कृतिक समारोह “अभिव्यक्ति2026” का उद्घाटन किया
पंचकूला : जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा से आए उभरते कलाकारों ने रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ पावरग्रिड के वार्षिक अंतरक्षेत्रीय सांस्कृतिक उत्सव “अभिव्यक्ति2026” में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। यह सांस्कृतिक उत्सव एवं पारंपरिक हस्तशिल्प प्रदर्शनी पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के उत्तरी क्षेत्र II द्वारा इंद्रधनुष सभागार, पंचकूला में आयोजित की गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तरी क्षेत्र II के कार्यपालक निदेशक श्री तरुण बजाज ने बड़ी संख्या में उपस्थित अतिथियों, पावरग्रिड कर्मचारियों और उनके परिवारों की उपस्थिति में हस्तशिल्प एवं सांस्कृतिक समारोह का उद्घाटन किया।

उत्सव में उत्तरी क्षेत्र II के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की प्रतिभाओं ने लोक नृत्यों, नाटकों और गीतों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। यह कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर था, जिसमें क्षेत्र की शौकिया प्रतिभाओं ने अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में प्रस्तुत की गई विविध प्रस्तुतियों में शामिल थीं— अब्दुल्लापुर उपकेंद्र द्वारा “चीर से चिंगारी तक” ,अमृतसर उपकेंद्र द्वारा “जलियांवाला बाग हत्याकांड”, कैथल उपकेंद्र द्वारा “किन्नर गाथा” ,चंडीगढ़ उपकेंद्र के कलाकारों द्वारा “शकुंतला और दुष्यंत की कथा” ,जालंधर उपकेंद्र द्वारा “सृष्टि की मर्यादा” , नालागढ़ उपकेंद्र द्वारा “हिमालय देवभूमि-परंपरा, संस्कृति और संघर्ष” ,मोगा उपकेंद्र द्वारा “बारूद की राख से”, मलेरकोटला उपकेंद्र के कलाकारों द्वारा “जल” ,फतेहाबाद उपकेंद्र के कलाकारों द्वारा “म्हारा हरियाणा घणी शान से”, पंचकूला उपकेंद्र के दल द्वारा “अंधविश्वास की ज़ंजीरें” ,सांबा उपकेंद्र द्वारा “उड़ान” ,हमीरपुर उपकेंद्र द्वारा “आज की द्रौपदी” तथा क्षेत्रीय मुख्यालय, जम्मू की टीम द्वारा “शक्ति स्वरूपा-माँ वैष्णो देवी” । सभी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके साथ ही पारंपरिक हस्तशिल्प प्रदर्शनी में पावरग्रिड कर्मचारियों और उनके परिवारों द्वारा निर्मित शिल्प, कलाकृतियाँ और फाइन आर्ट्स का आकर्षक प्रदर्शन किया गया।

स्वागत भाषण श्री शफात अहमद वानी, मुख्य महाप्रबंधक (परिसंपत्ति प्रबंधन), उत्तरी क्षेत्र -II द्वारा दिया गया।
कैथल और मलेरकोटला की टीमों ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि मोगा की टीम को तृतीय घोषित किया गया; सांत्वना पुरस्कार हमीरपुर की टीम को मिला। । कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को ट्रॉफियाँ और स्मृतिचिह्न प्रदान किए गए। हस्तशिल्प प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी श्री तरुण बजाज द्वारा पुरस्कृत किया गया। धन्यवाद ज्ञापन श्री आशुतोष के. शर्मा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन), ने प्रस्तुत किया।
पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत एक महारत्न कंपनी है, जिसका क्षेत्रीय मुख्यालय उत्तरी क्षेत्र II में जम्मू स्थित है। पावरग्रिड अंतरराज्यीय बल्क पावर ट्रांसमिशन में संलग्न है और इसके पास 1,87,576 सर्किट किमी ट्रांसमिशन लाइनें, 293 सबस्टेशन तथा 6,49,116 एमवीए से अधिक ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता है।
अत्याधुनिक तकनीक, स्वचालन और डिजिटल समाधानों के उपयोग से पावरग्रिड ने 99% से अधिक औसत ट्रांसमिशन सिस्टम उपलब्धता बनाए रखी है। पावरग्रिड का प्रदर्शन लगातार उत्कृष्ट रहा है और उसने विद्युत मंत्रालय के साथ हस्ताक्षरित एमओयू में निर्धारित कठिन मापदंडों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया है।
उत्तरी क्षेत्र II का ट्रांसमिशन नेटवर्क पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा के कुछ हिस्सों तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, लद्दाख और जम्मूकश्मीर में विस्तृत है।
