उत्तराखंड
932 शिक्षण संस्थानों में बच्चों को खिलाई गई कृमिनाशक दवा “एल्बेंडाजोल“
दवा खाने से छूटे बच्चों को मॉप-अप डे 25 नवंबर पर खिलाई जाएगी दवा
एस.जी.आर.आर. रुद्रप्रयाग से हुआ अभियान का शुभारंभ
रुद्रप्रयाग: जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) का सफल आयोजन किया गया। अभियान के तहत जनपद के 932 सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों में 01 से 19 वर्ष तक के लक्षित आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई गई। किसी कारणवश दवा खाने से छूटे बच्चों को आगामी 25 नवंबर को आयोजित होने वाले मॉप-अप डे पर दवा खिलाई जाएगी। 
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने तिलणी स्थित श्री गुरूरामराय पब्लिक स्कूल में एक बच्चे को “एल्बेंडाजोल” की खुराक खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों के समुचित शारीरिक एवं बौद्धिक विकास के लिए उनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के माध्यम से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। कृमि संक्रमण से मुक्ति मिलने पर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर, शारीरिक विकास और सीखने की क्षमता में सकारात्मक सुधार लाने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ही शिक्षकों एवं अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी के समन्वित प्रयासों से 01 से 19 वर्ष तक के लक्षित आयु वर्ग के शत-प्रतिशत बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के अंतर्गत जनपद के 932 शिक्षण संस्थानों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई। उन्होंने किसी कारणवश आज दवा खाने से छूट गए बच्चों को आगामी 25 नवंबर को होने वाले मॉप-अप डे पर अनिवार्य रूप से दवा खिलाने की अपील की है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राकेश चौहान, उपप्रधानाचार्य सुरेंद्र चौधरी, कार्यक्रम समन्वयक/काउंसलर विपिन सेमवाल, जिला समन्वयक आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी एवं सोशल वर्कर एनटीसीपी दिगपाल कंडारी सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।
