Connect with us

मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया इगास पर्व, CM धामी ने खेला भैलो

उत्तराखंड

मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया इगास पर्व, CM धामी ने खेला भैलो

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी इगास पर्व की शुभकामनाएं, लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का किया आह्वान

देहरादून। उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं का प्रतीक लोकपर्व इगास मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इगास पर्व की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भैलो खेलकर उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा। पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और उत्साहपूर्ण वातावरण ने उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें 👉  बर्नीगाड़ में 217 करोड़ की 38 विकास योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण…

इगास हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, मिट्टी और पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है।उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लोकपर्व केवल उत्सव मनाने के अवसर नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से हमारी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति होती है।

नई पीढ़ी को लोकपर्वों से जोड़ना जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति अत्यंत समृद्ध और विविधतापूर्ण है। यहां के लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक खानपान, वेशभूषा और रीति-रिवाज हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इगास पर्व में भैलो खेलने, सामूहिक लोकगीत गाने और पारंपरिक नृत्य करने की परंपरा आपसी प्रेम, भाईचारे और सहयोग का संदेश देती है।उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों और युवाओं को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे लोकपर्वों के महत्व से परिचित कराना जरूरी है।

यह भी पढ़ें 👉  एमडीडीए की नई पहचान को मिली रचनात्मक उड़ान, मैस्कॉट और स्लोगन प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित

प्रवासी उत्तराखण्डियों से भी अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति के संरक्षण में प्रवासी उत्तराखण्डियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले प्रदेशवासी अपने पारंपरिक त्योहारों को मनाकर सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं।उन्होंने अपील की कि प्रदेशवासी जहां भी रहें, अपनी बोली-भाषा, लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक त्योहारों को सम्मान के साथ मनाएं तथा आने वाली पीढ़ियों को भी इनसे जोड़ें।

यह भी पढ़ें 👉  विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर रहा उत्तराखंड : धामी

लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की लोककलाओं, पारंपरिक मेलों, लोकभाषाओं और ऐतिहासिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक धरोहर केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति और परिवार का दायित्व है।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि इगास सहित सभी पारंपरिक लोकपर्वों को पूरे उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाएं। स्थानीय लोककलाकारों, शिल्पकारों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति को जानना, परंपराओं को जीना और विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना ही अपनी जड़ों के प्रति सच्चा सम्मान है।

Continue Reading

More in उत्तराखंड

उत्तराखंड

उत्तराखंड

ट्रेंडिंग खबरें

To Top