उत्तराखंड
बाल विवाह रोकने के लिए रेखा आर्या के कड़े निर्देश
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक में विभागीय मंत्री ने दिए निर्देश, जिला कार्यक्रम अधिकारियों और बाल कल्याण समितियों को सौंपी जिम्मेदारी
देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को उत्तराखंड को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को प्रदेश में पूरी गंभीरता के साथ पूरा किया जाए। इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाएगी।

गुरुवार को सचिवालय में मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों के साथ बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अभियान की अब तक की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मंत्री ने बताया कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से देश को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक मिशन मोड में अभियान संचालित किया जा रहा है। उत्तराखंड में भी इस अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत से बाल विवाह मुक्त ग्राम सभा का प्रमाण पत्र लिया जाएगा। इसके लिए संबंधित ग्राम सभा के प्रधान और पंचायत सचिव प्रमाण पत्र जारी करेंगे कि उनका गांव बाल विवाह मुक्त है।मंत्री रेखा आर्या ने जिला कार्यक्रम अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए। साथ ही बाल कल्याण समितियों (CWC) को भी अभियान से जोड़ते हुए नियमित मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बागेश्वर जनपद पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
मंत्री ने कहा कि प्रदेश के कुछ जनपदों में बाल विवाह से जुड़े मामले अधिक सामने आए हैं। इनमें बागेश्वर जनपद पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पिछले दो से तीन वर्षों में प्रदेश में बाल विवाह से जुड़े 78 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें समय रहते हस्तक्षेप कर बाल विवाह रोके गए।उन्होंने कहा कि इन मामलों को देखते हुए जागरूकता अभियान के साथ सख्त निगरानी भी जरूरी है, ताकि कोई भी बच्चा बाल विवाह का शिकार न हो।मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए और गांव-गांव तक अभियान का संदेश पहुंचाया जाए।बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बीएल राणा, डिप्टी डायरेक्टर विक्रम सिंह, आरती बलोदी सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
