चडीगढ
संस्थाओं को मिलेंगे 2 करोड़, सांसद राजिंदर गुप्ता की पहल
20 से 25 संस्थाओं को मिलेगी सांसद निधि से मदद
बरनाला, 19 नवंबर। राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीलैड्स) के तहत क्षेत्र की 20 से 25 सामाजिक एवं जनकल्याणकारी संस्थाओं के लिए दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि देने की अनुशंसा की है। इस धनराशि का उपयोग संस्थाओं में बुनियादी ढांचे के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जाएगा।बरनाला में आयोजित संवाद सत्र के दौरान सांसद राजिंदर गुप्ता ने स्थानीय पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और समुदाय के प्रमुख लोगों से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसद निधि के आवंटन में किसी तरह के पक्षपात या व्यक्तिगत संबंधों को महत्व नहीं दिया जाएगा।

संस्थाओं का चयन उनके कार्यों की गुणवत्ता, सामाजिक योगदान और जनहित में किए जा रहे प्रयासों के आधार पर होगा। सांसद ने बताया कि जिन संस्थाओं के लिए अनुदान की अनुशंसा की गई है, उनमें कुछ ऐसी संस्थाएं भी शामिल हैं, जिनसे उनकी पहली बार मुलाकात हुई है। उन्होंने कहा कि किसी संस्था से व्यक्तिगत परिचय होना अनुदान का आधार नहीं होगा। सभी प्रस्ताव निर्धारित सरकारी प्रक्रिया और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक धन का उपयोग व्यापक जनहित के लिए होना चाहिए और इसका लाभ बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। उनका उद्देश्य ऐसे विश्वसनीय और समर्पित संगठनों को सहयोग देना है, जो जनसेवा के क्षेत्र में ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
सांसद राजिंदर गुप्ता ने पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और समुदाय के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे जमीनी स्तर पर समाज कल्याण के लिए काम कर रही योग्य संस्थाओं की पहचान कर उनके प्रस्ताव सामने लाएं। विशेष रूप से बाल कल्याण, महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं पर ध्यान देने की बात कही।उन्होंने आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक पात्र प्रस्ताव का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा और एमपीलैड्स के निर्धारित नियमों के तहत प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पारदर्शिता के साथ राशि खर्च की जाएगी।
