उत्तराखंड
धामी ने खोला विकास का पिटारा, 8 बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोलागढ़ में किया योजनाओं का शुभारंभ, क्षेत्र के विकास के लिए कीं 8 महत्वपूर्ण घोषणाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कोलागढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान कैंट विधानसभा क्षेत्र को 48.44 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 23 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 29.41 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 19.03 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें शास्त्रीनगर नाले का पुनर्निर्माण, हरवंश कपूर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाना और कांवली रोड का पुनः चौड़ीकरण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 5 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा यमुना कॉलोनी, इंद्रापुरम और हिंदलोक कॉलोनी में एक-एक ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे।गोविंदगढ़ वार्ड संख्या 14 में 4 करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित लागत से पेयजल लाइन सुदृढ़ीकरण तथा विजय पार्क में लगभग 5 करोड़ रुपये की पेयजल लाइन सुदृढ़ीकरण योजना को आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल करने की बात कही। प्रेमनगर क्षेत्र को नगर पालिका में शामिल करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून प्रदेश की राजधानी होने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार का प्रमुख केंद्र है। सरकार इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कैंट विधानसभा क्षेत्र से अपने विशेष जुड़ाव का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और विरासत को साथ लेकर कार्य किया जा रहा है। उत्तराखंड में चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रदेश में महिलाओं के सशक्तीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के साथ आगे बढ़ रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास योजनाओं की बधाई देते हुए प्रदेश के समग्र विकास में सहयोग का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, जनप्रतिनिगण, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
