उत्तराखंड
CM धामी ने किया सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण
अब कॉलेज छात्रों की भी चिड़ियाघर में फ्री एंट्री
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण किया। उन्होंने सफेद बाघ को पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को देखने का नया अनुभव मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में पहली बार इस प्रकार का सफेद बाघ लाया गया है।उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है।

कॉलेज विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त एंट्री
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे पहले बच्चों के लिए भी मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी।उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। साथ ही युवाओं में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता हमारी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
