उत्तराखंड
CM धामी ने अनिल बलूनी को दी इगास पर्व की बधाई
दिल्ली में गूंजा इगास का उल्लास, धामी ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी के आवास पर पहुंचकर उन्हें लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सांसद के परिवारजनों को भी पर्व की बधाई देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह हमारी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से मिली परंपराओं को संजोने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकपरंपराएं सांस्कृतिक धरोहर होने के साथ सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम का भी प्रतीक हैं। इगास जैसे लोकपर्व नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, मिट्टी और पारंपरिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे पर्वों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है और देश-दुनिया में उत्तराखंड की लोकपरंपराओं का प्रचार-प्रसार हो रहा है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
