चडीगढ
राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने गौ-सेवा और समाजसेवा के साथ मनाया स्थापना दिवस
गौशाला में स्वच्छता अभियान चलाकर गौ-सेवकों को किया सम्मानित
चण्डीगढ़ : राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन, चण्डीगढ़ ने अपना स्थापना दिवस श्रद्धा, सेवा और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर संगठन की ओर से सेक्टर-45 स्थित गौशाला में विशेष सेवा कार्यों एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सेक्टर-45 स्थित गौशाला परिसर में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाया तथा गौ-सेवा की। इस दौरान गौ-सेवकों को कंबल भेंट किए गए और लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया गया। गौ-सेवा के प्रति समर्पित योगदान के लिए पंडित लाखी राम शास्त्री को कंबल एवं चांदी से निर्मित मां लक्ष्मी-गणेश जी का स्वरूप भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संगठन की चंडीगढ़ अध्यक्ष मोनिका भारद्वाज ने कहा कि स्थापना दिवस केवल संगठन की स्थापना का उत्सव नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, गौ-सेवा और समाज के प्रति अपने दायित्वों को दोहराने का अवसर है। संगठन इसी सेवा भावना और संकल्प के साथ समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहेगा। कार्यक्रम के अंत में महिला कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन किया तथा संगठन की उन्नति, सुख-समृद्धि और संपूर्ण हिंदू समाज के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
