उत्तराखंड
श्रीनगर बैकुंठ चतुर्दशी मेला 2026: सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं
श्रीनगर। श्रीनगर में सोमवार को बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। खुली जीप में सवार मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जुटे। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने भी उनका अभिवादन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिबन काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी ली। पहाड़ की पारंपरिक संस्कृति से जुड़ाव दिखाते हुए उन्होंने सिलबट्टे पर नमक भी पीसा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
बैकुंठ चतुर्दशी मेला लोकसंस्कृति और परंपराओं का उत्सव: धामी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कमलेश्वर महादेव मंदिर की पौराणिक महत्ता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल मनोरंजन और व्यापार का आयोजन नहीं है, बल्कि यह लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का उत्सव है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।उन्होंने कहा कि अलकनंदा के तट पर बसी श्रीनगर नगरी का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक इतिहास गौरवशाली है। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने श्रीनगर को देशभर में विशिष्ट पहचान दिलाई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी काम कर रही है। केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन और गोल्ज्यू कॉरिडोर जैसी योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को नई पहचान दी जा रही है।
श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी लाभ मिलेगा।उन्होंने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने और नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही।इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में हाईटेक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट और सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की भी घोषणा की।
200 करोड़ की सीवर लाइन परियोजना अंतिम चरण में
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन परियोजना का काम अंतिम चरण में है। इसे जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर अब तक लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। श्रीनगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग विकसित की जा रही है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क को दो लेन करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। नैथाणा और रानीहाट रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।मुख्यमंत्री ने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सड़क और नाली निर्माण तथा पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है।
36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार, नकल माफिया और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। नकलविरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए एक जनपद-दो उत्पाद योजना संचालित की जा रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। मातृशक्ति के सशक्तीकरण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। बैणी भुली योजना के तहत लाभार्थियों को दो किश्तों में भुगतान किया जाएगा।
डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर को बताया सांस्कृतिक राजधानी
कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर को उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र को कई विकास योजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी श्रीनगर का निर्माण भी गतिमान है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित डाक आवरण का विमोचन किया। इसके साथ ही शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया गया।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, महापौर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एसडीएम नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
