Connect with us

मुख्य सचिव ने किया हिमालयन भोजनालय का उद्घाटन

उत्तराखंड

मुख्य सचिव ने किया हिमालयन भोजनालय का उद्घाटन

चिन्यालीसौड़ में खुला ‘हिमालयन भोजनालय’, महिला समूहों को मिलेगा रोजगार

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई पहल की जा रही है। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को रीप परियोजना के अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास स्थापित ‘हिमालयन भोजनालय’ का उद्घाटन किया।इस भोजनालय का संचालन सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं। उद्घाटन के दौरान मुख्य सचिव ने महिलाओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय, आमदनी और रोजगार के अनुभवों की जानकारी ली।महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन बैरियर के पास रुकते हैं। इससे भोजनालय में यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। वहीं, पास में पार्क होने के कारण शाम को टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी यहां भोजन और स्नैक्स का आनंद लेते हैं। इससे समूह को अच्छी आमदनी हो रही है।महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना के सहयोग से उन्हें भोजनालय शुरू करने में मदद मिली। परियोजना के माध्यम से सहायता के साथ बैंक ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकीं। अब उन्हें बड़े आयोजनों और अन्य अवसरों पर भोजन के ऑर्डर भी मिल रहे हैं।

‘हिमालयन भोजनालय’ से महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार

परियोजना प्रबंधक रीप ने बताया कि प्रदेशभर में रीप परियोजना के अंतर्गत इस तरह के वे-साइड ईटरी विकसित किए जा रहे हैं। सभी केंद्रों को एक समान पहचान देने के लिए इन्हें ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम से संचालित किया जा रहा है।इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय और पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आजीविका मजबूत करना है। जिला प्रशासन की ओर से भी ऐसे रोजगार मॉडल को बढ़ावा देने के लिए स्थान उपलब्ध कराए जा रहे हैं।मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, डीडीओ वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।

Continue Reading

More in उत्तराखंड

उत्तराखंड

उत्तराखंड

ट्रेंडिंग खबरें

To Top