उत्तराखंड
लोकगीतों और थड़्या नृत्य से गूंजा पौड़ी, धूमधाम से मना इगास
पौड़ी, 20 नवंबर। पहाड़ की लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़े लोकपर्व इगास का आयोजन जिला मुख्यालय पौड़ी में उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जय गढ़ गोरिल, जागृत समिति और जय गढ़ कंडोलिया सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। लोकनायक माधो सिंह भंडारी के लोकगीतों की धुन पर थड़्या और चौंफला नृत्य प्रस्तुत किए गए। स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान ने जनपदवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास हमारी लोक संस्कृति, आस्था और पारंपरिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है। इस पर्व की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना भी जरूरी है।उन्होंने कहा कि युवाओं को पारंपरिक त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़कर अपनी लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय महिलाओं ने कहा कि इगास पर्व पहाड़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं को जानने तथा उनसे जुड़ने का अवसर मिलता है।इस अवसर पर ईओ नगरपालिका संजय कुमार, सभासद अरविंद रावत, संस्कृतिकर्मी मनोज रावत अंजुल, केशर सिंह असवाल, बकुल रावत, संस्कृति विभाग से सरिता सिंह, प्रेमचंद ध्यानी, इंद्रमोहन चमोली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
