अन्य
फोर्टिस मोहाली में बनेगा यूरोलॉजी सेंटर, डॉक्टरों को मिलेगी आधुनिक ट्रेनिंग
फोर्टिस और बोस्टन साइंटिफिक की बड़ी साझेदारी
चंडीगढ़, 20 नवंबर। फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली और बोस्टन साइंटिफिक इंडिया ने मिनिमली इनवेसिव यूरोलॉजी उपचार तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारतीय उपमहाद्वीप और दक्षिण-पूर्व एशिया के यूरोलॉजिस्ट्स को आधुनिक उपचार तकनीकों का व्यवस्थित प्रशिक्षण देना है।
इस पहल के तहत प्रोस्टेट ग्रंथि के गैर-कैंसरयुक्त बढ़ने की समस्या यानी बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH) और मूत्र मार्ग की पथरी के उपचार में इस्तेमाल होने वाली मिनिमली इनवेसिव तकनीकों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
समझौते के अनुसार फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली में हर तीन महीने में यूरोलॉजिस्ट्स के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें एडवांस्ड होल्मियम लेजर तकनीक और वाटर वेपर थेरेपी का प्रशिक्षण शामिल होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का नेतृत्व फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली के सीनियर कंसल्टेंट, यूरोलॉजी एंड रोबोटिक सर्जरी डॉ. रोहित दधवाल करेंगे। उनके साथ आमंत्रित विशेषज्ञ फैकल्टी भी प्रशिक्षण देगी। कार्यक्रम में क्लासरूम लर्निंग, सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण, हैंड्स-ऑन सेशन और लाइव केस ऑब्जर्वेशन शामिल होंगे।प्रशिक्षण के दौरान मरीजों का सही चयन, उपचार की तकनीक और क्लीनिकल निर्णय लेने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही विशेषज्ञों से संवाद, ऑब्जर्वरशिप और निरंतर मार्गदर्शन की सुविधा भी मिलेगी।

विशेष यूरोलॉजी सेवाओं को मिलेगी मजबूती
फोर्टिस हेल्थकेयर लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अभिजीत सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ डॉक्टरों को उसका प्रभावी उपयोग करने का प्रशिक्षण देना भी जरूरी है। बोस्टन साइंटिफिक इंडिया के साथ यह साझेदारी क्षेत्र में विशेष यूरोलॉजी सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से यूरोलॉजिस्ट्स के बीच निरंतर सीखने, क्लीनिकल उत्कृष्टता और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे मरीजों तक आधुनिक मिनिमली इनवेसिव उपचार सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।बोस्टन साइंटिफिक के वाइस प्रेसिडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, एपीएसी ग्रोथ मार्केट्स मदन कृष्णन ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य स्वास्थ्य विशेषज्ञों को आधुनिक उपचार तकनीकों के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल उपलब्ध कराना है। डॉक्टरों की शिक्षा और प्रशिक्षण में निवेश से मरीजों की देखभाल बेहतर बनाने और आधुनिक उपचार विकल्पों तक पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।
होल्मियम लेजर और वाटर वेपर थेरेपी का मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मोसेस 2.0 होल्मियम लेजर तकनीक के क्लीनिकल उपयोग को शामिल किया जाएगा। इसका इस्तेमाल मूत्र मार्ग की पथरी के उपचार और प्रोस्टेट के होल्मियम लेजर एन्यूक्लिएशन (HOLEP) जैसी प्रक्रियाओं में किया जाता है।
इसके अलावा रेज़ूम वाटर वेपर थेरेपी का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। यह बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH) के उपचार का एक मिनिमली इनवेसिव विकल्प है। कंपनी के अनुसार, इस प्रक्रिया को आउटपेशेंट आधार पर किया जा सकता है और इसका उद्देश्य यौन कार्यक्षमता को सुरक्षित रखते हुए बीमारी के लक्षणों से लंबे समय तक राहत प्रदान करना है।
डॉ. रोहित दधवाल ने कहा कि प्रोस्टेट की समस्याओं और पथरी से पीड़ित मरीजों को उपलब्ध उपचार विकल्पों के साथ प्रत्येक प्रक्रिया के लाभ और जोखिमों की जानकारी होनी चाहिए। हर मरीज की स्थिति का सावधानीपूर्वक मूल्यांकन जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण अन्य यूरोलॉजिस्ट्स तक पहुंचने से अधिक मरीजों को लाभ मिल सकेगा।यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बोस्टन साइंटिफिक इंडिया के यूरोलॉजी पोर्टफोलियो के अंतर्गत किसी स्वास्थ्य संस्थान के साथ उसकी पहली साझेदारी है।
