logo
Latest

मनीष तिवारी बने चंडीगढ़ के नए सांसद


चंडीगढ़ : कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने चंडीगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन को मात्र 2504 मतों के मामूली अंतर से हरा दिया। लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों वाले दिन दोनों उम्मीदवारों की बढ़त उतार-चढ़ाव भरी रही। 15 राउंड के बाद तिवारी को 2,16,657 वोट मिले, जबकि टंडन को 2,14,153 वोट मिले। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा में काफी देरी हुई जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी रोष दिखा।

बता दें कि 2019 और 2014 में लोकसभा चुनाव में बीजेपी की किरण खेर ने इस लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। लेकिन इस बार बीजेपी ने उनका टिकट काट संजय टंडन को प्रत्याशी बनाया था। वहीं कांग्रेस ने पवन बंसल की जगह इस बार मनीष तिवारी को मैदान में उतारा था। 2019 के चुनाव में किरण खेर ने 46,850 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उन्हें 2,31,188 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के पवन बंसल को 1,84,218 वोट मिले।

कांग्रेस के मनीष तिवारी लंबे समय से चंडीगढ़ के मुद्दों पर संसद से लेकर चंडीगढ़ प्रशासन के समक्ष जनता की बात उठाते आए हैं। पंजाब के आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र से मौजूदा सांसद मनीष तिवारी पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। वह 2009 में लुधियाना से सांसद चुने गए थे। मनीष तिवारी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में आनंदपुर साहिब सीट से शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार प्रेम सिंह चंदूमाजरा को हराकर जीत हासिल की थी। वहीं भाजपा के संजय टंडन की बात करें, तो वह अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। टंडन 10 वर्षों तक भाजपा की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं। अभिनेत्री किरण खेर चंडीगढ़ से मौजूदा सांसद हैं, जिन्होंने 2014 में पूर्व केंद्रीय मंत्री और तीन बार के कांग्रेस सांसद पवन कुमार बंसल को हराया था। खेर ने 2019 में भी इस सीट पर जीत हासिल की थी। बता दें आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में मनीष तिवारी का समर्थन किया है और अरविंद केजरीवाल ने उनके लिए चुनाव प्रचार भी किया था।

TAGS: No tags found

Video Ad

Ads


Top