उत्तराखंड
धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी, 5 साल की उपलब्धियां और 10 साल का विकास सामने रखा
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश सरकार के सेवा, समर्पण और विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के कार्यकाल को विकास, सुशासन, सांस्कृतिक विरासत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी सरकार के पांच साल के रिपोर्ट कार्ड और पिछले दस वर्षों की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाकर आशीर्वाद मांगेगी।राजधानी देहरादून में आईएसबीटी के समीप एक निजी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता में सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने उत्तराखंड को विकास, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का लगातार प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प विकास भी, विरासत भी, रोजगार भी, स्वरोजगार भी, गरीब कल्याण और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण रहा है।
कोरोना काल में राहत और जनसेवा पर रहा जोर
मुख्यमंत्री ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान कोरोना महामारी की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोविड-19 की पहली और दूसरी लहर के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया और प्रभावित वर्गों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास हुआ।उन्होंने बताया कि कोविड वॉरियर्स को प्रोत्साहन एवं सम्मान राशि दी गई। पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र के प्रभावित लोगों के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये, चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये तथा महिला स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार से जुड़े लाभार्थियों के लिए 118 करोड़ रुपये के राहत पैकेज स्वीकृत किए गए। कोविड प्रभावित परिवारों के निराश्रित बच्चों को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा दी गई।
किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए स्टेट मिलेट्स पॉलिसी, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति और उत्तराखंड महक क्रांति नीति लागू की गई है। कीवी उत्पादन में 70 प्रतिशत और ड्रैगन फ्रूट की खेती में 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।महक क्रांति के तहत 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की खेती और सात अरोमा वैली विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। पशुपालन, बकरीपालन और भेड़पालन के माध्यम से 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। बद्री गाय के घी को जीआई टैग मिलना भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
3.10 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का कानूनी अधिकार दिया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है, जिससे लगभग 5,500 महिलाएं सीधे आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
साढ़े चार साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
युवाओं और रोजगार के विषय में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 35 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।उपनल कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन का लाभ दिया गया है। वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेशों में रोजगार मिला है। राज्य में स्टार्टअप की संख्या लगभग 700 से बढ़कर 1,700 से अधिक हो चुकी है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। पीएम श्री योजना के अंतर्गत 225 विद्यालयों का चयन किया गया है और 500 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित हो रही हैं।स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है। राज्य में छह सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। एम्स ऋषिकेश से देश की पहली हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस सेवा का संचालन भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
समान नागरिक संहिता और सख्त कानूनों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 जनवरी 2025 को उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। नकल विरोधी कानून, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली कानून के माध्यम से कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है।उन्होंने बताया कि सख्त भू-कानून लागू कर प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों की कृषि एवं बागवानी भूमि के संरक्षण की दिशा में कदम उठाया गया है। राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी है।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में आधारभूत ढांचे का विस्तार हो रहा है। लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का शुभारंभ हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास, देहरादून-मसूरी रोपवे का निर्माण, ऋषिकेश बाईपास और विभिन्न रेलवे परियोजनाओं से प्रदेश की कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। राज्य में हेलीपोर्ट की संख्या दो से बढ़कर सात और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है।
चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा, शीतकालीन यात्रा, मानसखंड मंदिर माला मिशन और धार्मिक कॉरिडोर परियोजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड को वर्षभर पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों के लिए 500 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। आदि कैलाश, मुखबा, हनोल और यमुना कॉरिडोर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
3.56 लाख करोड़ के निवेश एमओयू, एक लाख करोड़ से अधिक की ग्राउंडिंग
निवेश और उद्योग के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए थे। इनमें से एक लाख एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। राज्य में 30 से अधिक नई नीतियां तैयार की गई हैं।

सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता वर्ष 2021-22 के 439 मेगावाट से बढ़कर एक हजार मेगावाट से अधिक हो गई है। टिहरी में एक हजार मेगावाट के वेरिएबल स्पीड पम्प्ड स्टोरेज प्लांट की चारों इकाइयों का संचालन शुरू होना ऊर्जा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताया गया।
वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत 51 सीमांत गांवों में 270 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं पर कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है।
आपदा प्रबंधन और खेलों में भी उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिकों के सुरक्षित रेस्क्यू और केदारघाटी आपदा के दौरान 15 हजार से अधिक लोगों के बचाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन अभियानों ने राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता को प्रदर्शित किया है।38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी और उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतने को भी खेलों के क्षेत्र में राज्य की नई पहचान बताया।
नीति आयोग की रैंकिंग में उत्तराखंड का पहला स्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय से कई लंबित परियोजनाओं को गति मिली है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड का प्रथम स्थान, निर्यात तैयारी सूचकांक में अग्रणी स्थान और निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों में प्रथम स्थान राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।
5 साल के रिपोर्ट कार्ड और 10 साल की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाएगी भाजपा: महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी सरकार की उपलब्धियां हर वर्ष कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के सामने रखती रही है। चुनावी वर्ष में उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से रिपोर्ट कार्ड जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के विकास के साथ देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को भी संरक्षित रखने का काम किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार ने उत्तराखंड की विकास योजनाओं में सहयोग दिया है।
भट्ट ने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। भाजपा विकास के मुद्दों और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी और जनादेश प्राप्त करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मीडिया और जनता से मिलने वाले सुझावों को भी सरकार के कार्यों में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, खजान दास, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, प्रदीप बत्रा, देहरादून महापौर सौरभ थपलियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
