Connect with us

संविधान एवं विधि दिवस पर सीएम धामी की तीन बड़ी घोषणाएं, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये

उत्तराखंड

संविधान एवं विधि दिवस पर सीएम धामी की तीन बड़ी घोषणाएं, अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुलिस लाइन, देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण और प्रदेश के सभी जनपदों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही।

नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण के लिए 25 लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के संबंध में अभियोजन विभाग, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। आमजन को भी इन कानूनों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी।उन्होंने अभियोजन विभाग के कार्यालयों में कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन कदमों से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अभियोजन व्यवस्था मजबूत होगी।

12 विभूतियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया।सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी और गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना और डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी तथा सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन भी किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह भी पढ़ें 👉  ‘आदर्श चम्पावत’ के साथ ‘आदर्श उत्तराखंड’ का संकल्प होगा साकार: सीएम धामी…

न्याय व्यवस्था में सत्य और निष्पक्षता जरूरी: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में न्याय और सत्य को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। महाभारत की विदुर नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था की प्रतिष्ठा तभी बनी रहती है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो। यही सिद्धांत न्याय व्यवस्था का आधार भी हैं।उन्होंने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। अभियोजन अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि विवेचना अधिकारियों द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करें और तथ्यों को न्यायालय के सामने स्पष्ट एवं निष्पक्ष तरीके से प्रस्तुत करें। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अभियोजन पक्ष को मजबूती से रखना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन अधिकारियों की मेहनत, विधिक दक्षता और निष्पक्षता से आम नागरिकों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने के लिए अभियोजन अधिकारियों की सराहना की।

यह भी पढ़ें 👉  गांधी-शास्त्री के आदर्शों को अपनाने का एमडीडीए ने लिया संकल्प…

नए आपराधिक कानूनों को बताया बड़ा सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 1979 में प्रख्यात विधिवेत्ता डॉ. लक्ष्मीमल्ल सिंघवी और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की पहल पर 26 नवंबर को विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। वर्ष 2015 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। औपनिवेशिक काल के कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों और समयबद्ध न्याय पर विशेष जोर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  ‘द अल्टीमेट उत्तराखंड एमटीबी चैलेंज’ का 26 नवंबर को होगा भव्य समापन

डिजिटल न्यायालयों और ई-फाइलिंग का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। नए न्यायालय भवनों का निर्माण किया जा रहा है और पुराने भवनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों की न्याय तक पहुंच आसान हो रही है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून का राज कायम रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर अमल करना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने अभियोजन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से इस दिशा में निरंतर सहयोग की अपेक्षा की। कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान सहित अभियोजन और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

More in उत्तराखंड

उत्तराखंड

उत्तराखंड

ट्रेंडिंग खबरें

To Top