महाकुंभ के दौरान दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में दिवंगत आत्माओं की परम शांति हेतु महामृत्युंज्य मंत्र से आहुतियां अर्पित की
चण्डीगढ़ : गायत्री मानस चेतना केंद्र, सारंगपुर में साप्ताहिक यज्ञ की शृंखला में आयोजित गायत्री पूजन एवं हवन यज्ञ को गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजन एवं विशेष साधक संतोष श्रीवास्तव ने विधिवत रूप से विश्व कल्याण की कामना के साथ संपन्न कराया।
यज्ञ के यजमान गायत्री परिवार चंडीगढ़ के ट्रस्टी एवं पर्यावरण सेवक प्रभुनाथ शाही ने बताया कि महाकुंभ की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं और दिल्ली रेलवे स्टेशन के दुखद हादसे में दिवंगत सभी आत्माओं की परम शांति हेतु महामृत्युंज्य मंत्र से आहुतियाँ अर्पित की गयी और सभी के सुख शांति के लिए प्रार्थना की गयी। महाकुंभ में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से धैर्य और संयम के साथ प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्वक दिव्य आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से सफल बनाने का आग्रह किया गया। शाही ने बताया कि नर्वदेश्वर महादेव मंदिर सारंगपुर का स्थापना दिवस 19 फरवरी को है, जिसके उपलक्ष्य में 18 फरवरी को सुबह 9 बजे से सुंदरकांड का पाठ प्रारंभ होगा और 19 फ़रवरी को सुबह 9 बजे पाठ संपन्न होने के पश्चात प्रसाद वितरित किया जाएगा।