गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन में काव्य संग्रह ‘पथ के फूल’ का हुआ विमोचन
प्रिंसिपल डॉ. सपना नंदा, वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज, आर के भगत, डॉ. सरिता मेहता, राज विज, सरबजीत कौर, अंजू मोदगिल, विमला गुगलानी की रही गरिमामय उपस्थिति
चण्डीगढ़ : सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ विनोद कुमार शर्मा का नवीनतम काव्य संग्रह पथ के फूल का विमोचन सेक्टर 20 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन में प्रिंसिपल डॉ. सपना नंदा के कर कमलों से कार्यालय में विधिवत ढंग से वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज, के के शारदा, आर के भगत अमेरिका से पधारी डॉ. सरिता मेहता, राज विज, सरबजीत कौर, शिक्षाविद अंजू मोदगिल, विमल गुगलानी आदि की उपस्थिति में हुआ।
प्रिंसिपल डॉ सपना नंदा ने डॉ विनोद कुमार शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी इस पुस्तक में जीवन के विभिन्न पहलुओं को बखूबी दर्शाया है। कविताओं के सभी विषय युवा पीढ़ी को प्रेरित करने वाले हैं। सुप्रसिद्ध साहित्यकार प्रेम विज ने बताया कि डॉ. विनोद शर्मा के सभी काव्य संग्रह ज्ञान से भरपूर हैं। सभी रचनाएं मानव को नई सीख देती हैं। कविताओं की भाषा सहज, प्रवाहमयी और संवेदनात्मक है। डॉ. शर्मा ने भावों को व्यक्त करने के लिए अत्यंत आत्मीय व सरल भाषा का प्रयोग किया है। डॉ.विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि काव्य उनकी प्रमुख विधा है। इससे पूर्व लिखे गए सभी काव्य संग्रहों को साहित्य जगत प्रेमियों द्वारा खूब सराहा गया है। पाठकों की शुभकामनाओं से कलम निर्बाध रूप से चल रही है। रचनाओं की प्रस्तुति राष्ट्रीय- अंतरराष्ट्रीय मंचों एवं रेडियो और टीवी चैनलों पर भी निरंतर होती रहती है। सभी रचनाएं नवीन विचारों से ओत- प्रोत है। साहित्यकार आर के भगत ने कहा कि डॉ. विनोद कुमार शर्मा प्रगतिवादी सोच के कवि हैं। डॉ सरिता मेहता ने कहा कि काव्य संग्रह नवीन विचारों से ओत प्रोत है। जिससे पाठक कविता से जुड़ाव महसूस करता है। यह पुस्तक डॉक्टर सरिता मेहता द्वारा समस्त मानव जाति को दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें समर्पित की गई है।