logo
Latest

लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र हित के लिए मतदान जरूरी : इंद्रेश कुमार


नया नारा दिया – पहले अपना मतदान, फिर 50 लोगों का मतदान, बाद में जलपान
मतदान संकल्प सम्मेलन में आरएसएस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ने दिलाई मतदान की शपथ

चण्डीगढ़ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र हित के लिए मतदान जरूरी है। पहली जून को चंडीगढ़ 100 प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल करना होगा। मजबूत सरकार और देश की उन्नति के लिए मतदान करना जरूरी है। इंद्रेश कुमार आज सेक्टर-33 राजस्थान भवन में आयोजित मतदान संकल्प सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। उन्होंने आह्वान किया कि बिना किसी लोभ-लालच और लोक-लुभावने वादे को दरकिनार कर स्वेच्छा से मतदान करना है। मतदान करते समय यह जरूर चुनना होगा कि जिससे वह मतदान कर रहे हैं, वह उनके हितों की रक्षा कर सकता है या नहीं। इसके साथ ही यह भी ध्यान में रखना होगा कि उनके मतदान से स्थायी व मजबूत सरकार बननी चाहिए जो देश की सुरक्षा व अखंडता को बनाए रखे। उन्होंने कहा कि नारा दिया जा रहा है कि पहले मतदान फिर जलपान, लेकिन उनका नारा है कि पहले अपना मतदान फिर, 50 लोगों का मतदान, बाद में जलपान।

उन्होंने कहा कि संविधान में उन्हें पसंदीदा सरकार चुनने का अधिकार है। आजादी से पहले उन्हें यह अधिकार नहीं था, अब वह आसानी से अपने पसंद के उम्मीदवार और देश की विकास को रफ्तार देने वाली सरकार को चुन सकते हैं। उन्होंने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्रिक देश भारत में लोकतंत्र जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा शासन है। इसलिए चुनावों में हर मतदाता को मतदान में भाग अवश्य लेना चाहिए। मतदाता को अपने मत की गोपनीयता बनाए रखना अनिवार्य है और बिना किसी प्रलोभन व दबाव से बचते हुए मतदान करना चाहिए। पहली जून को घरों से निकाल कर मतदान केंद्रों पर जाकर वोट अवश्य करें। मतदान का दिन पर्व की तरह मनाएं और पूरे उत्साह के साथ भाग लेना चाहिए। मतदान करके ही हम लोकतंत्र को मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने यह भी आह्वान किया कि सोशल मीडिया पर भी एक सगे-संबंधी व रिश्तेदारों को मतदान के लिए प्रेरित करें कि लोकतंत्र का हिस्सा बनें। मतदान संकल्प सम्मेलन में उनके साथ स्वामी राजेश्वरानंद, जामा मस्जिद मनीमाजरा के मौलवी और मदरसा संचालक नोमान कादरी, क्राइस्ट चर्च पंचकूला के पादरी राजेश जोएल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad

Ads


Top