चडीगढ
संविधान दिवस पर युवाओं को किया जागरूक, छात्रों ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना
चंडीगढ़। केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय चंडीगढ़, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार ने ‘माय भारत’ (MY Bharat) चंडीगढ़ के सहयोग से 77वें संविधान दिवस के उपलक्ष्य में राजीव गांधी भवन के सेमिनार हॉल में एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं, विशेष रूप से पंजाब विश्वविद्यालय के विधि छात्रों को भारतीय संविधान के महत्व, इसके मूलभूत मूल्यों, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक सिद्धांतों पर भी चर्चा की गई।
गणमान्य व्यक्तियों और युवा आइकनों ने की शिरकत
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय रोइंग खिलाड़ी और एशियाई खेलों के पदक विजेता भगवान सिंह, यूथ आइकन एवं नॉमिनी रचित जैन, यूथ आइकन और हाइपरलोकल इन्फ्लुएंसर मुस्कान कुमारी, माय भारत के जिला युवा अधिकारी विनय कुमार तथा पंजाब विश्वविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनुपम बाहरी शामिल हुए।संविधान दिवस समारोह के तहत सभी गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। कार्यक्रम स्थल पर संविधान निर्माण के विभिन्न चरणों को दर्शाने वाली एक लघु प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके माध्यम से छात्रों को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा और उससे जुड़े प्रयासों को समझने का अवसर मिला।

विधि छात्रों को बताए संवैधानिक अधिकार और कर्तव्य
जिला विधिक प्रकोष्ठ, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की रिसोर्स पर्सन अधिवक्ता चेतना नूर ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने संविधान के महत्व, कानून के शासन, संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने कहा कि न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने में विधि छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को संवैधानिक प्रावधानों और देश के कानूनी एवं लोकतांत्रिक ढांचे में उनकी प्रासंगिकता की गहरी समझ विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत बनाने में संवैधानिक मूल्यों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, जिम्मेदार नागरिकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए युवाओं की जिम्मेदारी पर जोर दिया।सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो की उप निदेशक सुश्री सपना ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने सम्मान स्वरूप और इस अवसर को यादगार बनाने के लिए सभी गणमान्य व्यक्तियों को भारतीय संविधान की प्रतियां भेंट कीं।कार्यक्रम ने छात्रों और युवाओं को प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ संवाद करने तथा संवैधानिक मूल्यों, नागरिक जिम्मेदारियों और लोकतंत्र की भावना को समझने का अवसर प्रदान किया। इसके माध्यम से संविधान के आदर्शों को बनाए रखने और लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
