चडीगढ
कलाग्राम में 16वें चंडीगढ़ राष्ट्रीय क्राफ्ट मेले का आगाज, प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया उद्घाटन
चंडीगढ़। कलाग्राम में 16वें चंडीगढ़ राष्ट्रीय क्राफ्ट मेले का शुभारंभ हो गया। प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के शिल्पकारों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत का वास्तविक संरक्षक बताते हुए कहा कि उनकी कला, हुनर और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराएं देश की सांस्कृतिक पहचान को जीवित रखे हुए हैं।कटारिया ने कहा कि हस्तशिल्प केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि यह देश की परंपराओं, इतिहास और सांस्कृतिक पहचान को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

प्रशासक ने बताया कि भारत सरकार ने देश की सांस्कृतिक विविधता को संरक्षित करने और विभिन्न क्षेत्रों की लोक कलाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 1980 के दशक में क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों की स्थापना की थी।चंडीगढ़ को ‘मिनी इंडिया’ बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां देश के अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों के लोग आपसी सद्भाव के साथ रहते हैं। यह शहर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और विविधता में एकता की भावना का जीवंत उदाहरण है।
कटारिया ने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से त्योहारों, उपहारों और रोजमर्रा के उपयोग के लिए स्थानीय शिल्पकारों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।उन्होंने कहा कि शिल्पकारों को उनके हुनर और मेहनत का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इसके लिए उन्हें बेहतर बाजार, आर्थिक अवसर और समाज में सम्मानजनक स्थान उपलब्ध कराना जरूरी है।उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और ‘एक जिला, एक उत्पाद’ पहल का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से पारंपरिक शिल्पकारों को कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, आर्थिक सहायता और उत्पादों के प्रचार-प्रसार के अवसर मिल रहे हैं।
पारंपरिक कला को डिजिटल बाजार से जोड़ने पर जोर
प्रशासक ने पारंपरिक हस्तशिल्प को आधुनिक डिजाइन, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन बिक्री व्यवस्था से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे शिल्पकारों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होंगे तथा उनके उत्पाद देश और विदेश के बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिकीकरण के दौरान पारंपरिक कला की मौलिकता और पहचान को बनाए रखना जरूरी है।
कलाग्राम में सालभर होंगे सांस्कृतिक आयोजन
प्रशासक ने कलाग्राम को केवल वार्षिक मेले तक सीमित न रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि यहां पूरे वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला प्रदर्शनियां, लोक संगीत समारोह और शिल्प से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करने की संभावनाएं तलाशी जानी चाहिए।इससे कलाग्राम एक जीवंत सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित होगा और कलाकारों एवं शिल्पकारों को नियमित रूप से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।
लोक नृत्यों और भक्ति संगीत ने बांधा समां
मेले की पहली शाम देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने रंगारंग लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद साध्वी पूर्णिमा (पूनम दीदी बरसाने वाले) ने ‘भक्ति शक्ति संगीत’ की प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम में आध्यात्मिक और सांगीतिक रंग भर दिए।आगामी दिनों में मेले के दौरान सूफी, पंजाबी, हरियाणवी, उत्तराखंडी, कश्मीरी और हिमाचली संगीत संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें लखविंदर वडाली, आर. नाइट, सोमवीर कथूरवाल, आभा हंजूरा, गगन कोकरी और प्रभ गिल सहित कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।दस दिनों तक चलने वाला यह राष्ट्रीय क्राफ्ट मेला हस्तशिल्प प्रेमियों, कला एवं संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों और परिवारों के लिए भारतीय परंपराओं को करीब से देखने और अनुभव करने का अवसर लेकर आया है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों की कला, संगीत, नृत्य, खानपान और शिल्प परंपराओं की झलक एक ही स्थान पर देखने को मिलेगी।
