रुद्रप्रयाग में विश्व रेबीज सप्ताह पर जागरूकता गोष्ठी, जानवर के काटने पर लगवाएं एआरवी
उत्तराखंड लाइव, रुद्रप्रयाग | 27 सितंबर 2025
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में अगस्त्यमुनि ब्लॉक के राजकीय इंटर कालेज मयकोटी में विश्व रेबीज सप्ताह के अवसर पर रेबीज जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राम प्रकाश के निर्देशन में किया गया।
गोष्ठी में एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शाकिब हुसैन ने बताया कि रेबीज एक जानलेवा विषाणु रोग है, जो कुत्ते, बिल्ली, बंदर और अन्य जानवरों के काटने या खरोचने से फैलता है। उन्होंने बताया कि घाव को साबुन और बहते साफ पानी से 10–15 मिनट तक धोना, घाव को खुला रखना और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर एंटी-रेबीज टीका लगवाना सबसे सुरक्षित तरीका है। सरकारी अस्पतालों में यह टीका नि:शुल्क उपलब्ध है।
पालतू जानवरों में रोकथाम के उपाय:
पालतू जानवरों को नियमित एंटी-रेबीज टीका लगवाएं।
जानवरों को हमेशा अपनी निगरानी में रखें।
किसी अज्ञात जानवर से संपर्क होने पर तुरंत टीकाकरण करवाएं।
आवारा जानवरों से पालतू जानवरों को दूर रखें।
मोहल्ले में जानवर के काटने की घटना होने पर नगर पालिका/पंचायत को तुरंत सूचित करें।
क्वीज प्रतियोगिता और पुरस्कार:
गोष्ठी के द्वितीय सत्र में आयोजित क्वीज में:
सागर (कक्षा 12) को प्रथम स्थान
मेघा (कक्षा 11) को द्वितीय स्थान
दीपिका (कक्षा 12) को तृतीय स्थान
विद्यार्थियों को रेबीज जागरूकता पर आधारित प्रचार-सामग्री भी वितरित की गई।
स्वास्थ्य शिविरों में परामर्श: विभिन्न चिकित्सा इकाईयों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने बच्चों और पालतू जानवरों के सुरक्षित संपर्क के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बच्चों को कुत्ते और अन्य जानवरों के व्यवहार व शारीरिक भाषा के बारे में जानकारी दी और सलाह दी कि सोते या भोजन करते जानवरों को न छेड़े।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को रेबीज से बचाव, टीकाकरण और जागरूकता के प्रति सजग करना है।



