अखिल भारतीय साहित्य परिषद् ने महर्षि वेदव्यास जयंती मनाई
चण्डीगढ़ / पंचकूला : अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, पंचकूला इकाई द्वारा संस्था के पूर्व निर्धारित वार्षिक उत्सवों में से एक महर्षि वेद व्यास जयंती को हर्षोल्लास से मनाया। इस मौके पर संस्था ने गुरु बिन कौन बतावे बाट काव्य संध्या का आयोजन किया। साथ ही स्थानीय अध्यक्ष डॉ. विनोद शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक प्रज्ञान की थाह का लोकार्पण भी किया गया। संस्था की प्रांतीय उपाध्यक्ष सन्तोष गर्ग के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में अमेरिका से पधारी विद्या धाम, यूएसए की अध्यक्ष डॉ. सरिता मेहता ने अध्यक्षता की। संवाद साहित्य मंच के अध्यक्ष प्रेम विज़ बतौर मुख्य अतिथि, भंडारी अदबी ट्रस्ट के चेयरमैन अशोक भंडारी नादिर एवं सेवानिवृत्त प्रिंसिपल बहादुर सिंह गोसल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। केंद्रीय विद्यालय मोहाली से सेवानिवृत्त हिन्दी अध्यापिका, नीरजा शर्मा ने माँ शारदे की वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया एवं जिला इकाई महासचिव अनिल शर्मा ‘चिंतक’ ने संचालन किया।
कार्यक्रम के पहले चरण में जिला अध्यक्ष डॉ. विनोद शर्मा द्वारा रचित काव्य संग्रह प्रज्ञान की थाह पुस्तक का विमोचन किया गया। शर्मा ने बताया कि कैसे उनकी एक रचना पर श्रीमती गर्ग की ओर से प्राप्त प्रतिक्रिया ने उनको पुस्तक लिखने के लिए प्रेरित किया और इसीलिए उन्होंने यह पुस्तक श्रीमती गर्ग को समर्पित की है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक का नामकरण सुप्रसिद्ध साहित्यकार प्रेम विज ने किया। तदुपरांत सभी साहित्यकारों ने गुरु के प्रति अपने भाव प्रस्तुत करते हुए रचनाएं सुनाई। संस्था की प्रांतीय उपाध्यक्ष संतोष गर्ग ने अपने सम्बोधन में गुरु की महिमा का बखान करते हुए कहा कि गुरु कोई व्यक्ति या देह नहीं बल्कि ज्ञान तत्व ही गुरु है।
मुख्य अतिथि प्रेम विज़ ने सभी साहित्यकारों के साहित्यिक सफर का वर्णन करने के बाद गुरु के प्रति भाव प्रस्तुत करते हुए कहा कि गुरु में बसता ज्ञान अपार, गुरु है सच्चा जीवन सार। विशिष्ट अतिथि बहादुर सिंह गोसल ने गुरु के प्रति अपने भाव पंजाबी रचना के माध्यम से प्रस्तुत किए। मोहाली से पधारे बाबू राम दीवाना ने गुरु को उम्र भर की तलाश बताया। गुरु के प्रति श्रद्धा सुमन सभी रचनाकारों ने अपने अपने काव्य पाठ में किये। मुख्य रूप में कवयित्री कृष्णा गोयल, सरोज चोपड़ा, नीरू मित्तल, नीरजा शर्मा, हरेंद्र सिन्हा, गणेश दत्त, बृजमोहन अग्रवाल, एम एल अरोड़ा, शशि गर्ग, वीके चोपड़ा उपस्थित रहे।