सौर ऊर्जा को मिलकर बढ़ावा देंगे भारत और मारीशस
भारत के ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और मॉरीशस के ऊर्जा मंत्री पैट्रिक गेरवाइस असिरवाडेन के बीच ऊर्जा को लेकर हुई द्विपक्षीय वार्ता
द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों ने ऊर्जा सुरक्षा, ऊर्जा परिवर्तन और समावेशी विकास पर जताई प्रतिबद्धता
नई दिल्ली : भारत और मारीशस नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को नई गति देंगे। दोनों देश सौर व पवन ऊर्जा उत्पादन के साथ ऊर्जा सुरक्षा और परिवर्तन के साथ समावेशी विकास के लिए संयुक्त रूप से काम करेंगें। यह समझौता बुधवार को मुंबई में भारत के ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और मॉरीशस के ऊर्जा मंत्री पैट्रिक गेरवाइस असिरवाडेन के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के दौरान हुआ। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने मारीशस के ऊर्जा मंत्री पैट्रिक गेरवाइस असिरवाडेन को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। दोनों देशों के मंत्रियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता के दौरान नवीकरणीय ऊर्जा, विद्युत उत्पादन, पारेषण, वितरण और ग्रिड प्रबंधन में सहयोग करने और ऊर्जा संरक्षण एवं दक्षता सुधार उपायों पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। यह द्विपक्षीय वार्ता भारत और मारीशस के बीच साझेदारी सुरक्षित, लचीली और टिकाऊ ऊर्जा प्रणालियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
भारत के ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दोनों देश विश्वास और पारस्परिक सम्मान के आधार पर अपने लोगों के लिए एक टिकाऊ, लचीली और समृद्ध ऊर्जा भविष्य के निर्माण हेतु अपने सहयोग को जारी रखने के लिए तत्पर हैं। मनोहर लाल ने कहा कि मारीशस का ऊर्जा क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और भारत इस विकास में हर संभव तकनीकी और संसाधन सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। भारत ने अपनी नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाया है, और अब भारत, मारीशस के साथ मिलकर सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मनोहर लाल ने कहा कि भारत, मारीशस के साथ मिलकर एक व्यापक योजना तैयार करेगा, जिसमें सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, पवन ऊर्जा के क्षेत्र में भी भारत तकनीकी सहायता करेगा।
वहीं मारीशस के ऊर्जा मंत्री पैट्रिक गेरवाइस असिरवाडेन ने भारत और मारीशस के बीच द्विपक्षीय वार्ता को ऐतिहासिक क्षण करार देते हुए कहा कि मारीशस की ऊर्जा सुरक्षा और स्थिरता के लिए भारत का सहयोग अमूल्य है। भारत के साथ मिलकर सौर और पवन ऊर्जा जैसे स्वच्छ स्रोतों को बढ़ावा देने की प्राथमिकता रहेगी।
मारीशस से भारत के नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन की सराहना
मारीशस के ऊर्जा मंत्री असिरवाडेन ने भारत के नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह द्विपक्षीय समझौता न केवल ऊर्जा स्त्रोंतो को मजबूती देगा, बल्कि पर्यावरणीय संरक्षण में भी मददगार साबित होगा। इस सहयोग का उद्देश्य न केवल ऊर्जा आवश्यकता पूरी करना है, बल्कि आपके आर्थिक विकास को भी गति देना है।
इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई चर्चा
भारत और मारीशस के बीच द्विपक्षीय वार्ता के दौरान ऊर्जा ट्रांसमिशन और वितरण नेटवर्क का विस्तार पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही भारत और मारीशस ने संयुक्त रूप से ऊर्जा क्षेत्र में अनुसंधान और विकास सहयोग बढ़ाने की योजना तैयार की है। वहीं, ऊर्जा दक्षता और स्मार्ट ग्रिड्स तकनीक उपायों पर भी चर्चा हुई।