सतपाल महाराज की केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद से भेंट।
साइबर क्राइम पर नियंत्रण और साइबर कानून को मजबूत करने पर हुई विस्तृत चर्चा।
देहरादून/नई दिल्ली। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच साइबर क्राइम और साइबर कानून को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में सतपाल महाराज ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। हैकिंग, फिशिंग, मैलवेयर अटैक, साइबर स्टॉकिंग और ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि साइबर कानूनों को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
महाराज ने सुझाव दिया कि साइबर अपराधों के लिए कड़े दंड का प्रावधान होना चाहिए। साथ ही लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक अभियान चलाए जाएँ। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष अदालतों की स्थापना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित मानव संसाधन और जन-जागरूकता अभियान साइबर अपराध रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं।



