logo
Latest

कैट से जुड़े व्यापारी नेताओं ने किया संसद का विशेष दौरा, लोकसभा अध्यक्ष ने किया संबोधित


व्यापारियों को देश और अपने हित में अब स्वदेशी सामान बेचना और खरीदना चाहिए : ओम बिड़ला

चण्डीगढ़ में भी 10 अगस्त से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा : हरीश गर्ग

चण्डीगढ़ : संसद सदस्य एवं कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में आज संसद में कैट के व्यापारी नेताओं के लिए एक विशेष दौरे का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर देशभर से आए लगभग 50 प्रमुख व्यापारी नेताओं को नए और पुराने संसद भवन का भ्रमण कराया गया और उन्हें संसद सत्र का प्रत्यक्ष अनुभव करने का अवसर भी मिला। इस दौरे का मुख्य आकर्षण तब बना जब कैट के व्यापारी नेताओं को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने संसद परिसर स्थित अपने मीटिंग कक्ष में संबोधित किया। अपने संबोधन में बिड़ला ने कहा कि कैट व्यापारियों का देशव्यापी संगठन है, जो पूरे देश में व्यापारियों के कल्याण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी और व्यापार देश की रीढ़ हैं। व्यापारी न केवल रोजगार सृजित करता है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बदलते हुए आर्थिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों को अपने स्तर को ऊंचा उठाना होगा। सभी को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को दोहराते हुए कहा कि व्यापारियों को देश और अपने हित में अब स्वदेशी सामान बेचना और खरीदना चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष ने उपस्थित व्यापारी नेताओं को आश्वस्त किया कि व्यापार और व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को उनके संज्ञान में लाया जाए तो वे अधिक से अधिक व्यापार से जुड़े विषयों को संसद में चर्चा के लिए लाने का प्रयास करेंगे।

इस मौके पर उपस्थित कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय सचिव एवं चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हरीश गर्ग ने कहा कि देश के व्यापारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। हम उनके ‘भारतीय सामान खरीदो और बेचो’ के आह्वान का पूर्ण समर्थन करते हैं और 10 अगस्त से पूरे देश के साथ-साथ चण्डीगढ़ में भी स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए एक अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान भारत के आर्थिक स्वाभिमान को मजबूत करेगा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। हरीश गर्ग ने बताया कि यह आयोजन कैट से जुड़े व्यापारी नेताओं के लिए एक ऐतिहासिक क्षण रहा, जब पहली बार व्यापारियों को संसद में इस प्रकार की विशेष सौगात और लोकसभा अध्यक्ष से सीधे संवाद का अवसर मिला।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top