logo
Latest

पंजाब बाढ़ राहत: परनीत कौर ने प्रधानमंत्री का जताया आभार


“घग्गर, टांगरी और मारकंडा नदियों में हर साल आने वाली बाढ़ का स्थायी समाधान निकालने के लिए केंद्रीय जल आयोग से मांगी मदद”

पटियाला : पूर्व सांसद परनीत कौर ने पंजाब के लिए 1,600 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तहे दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह राशि पहले से ही मंजूर किए गए 12,000 करोड़ रुपये के अलावा दी गई है, प्रधानमंत्री के इस ऐलान से पंजाब के लोगों को भरोसा मिला है कि केंद्र सरकार मुश्किल समय में उनके साथ खड़ी है।

पटियाला जिले की स्थिति के बारे में बात करते हुए, परनीत कौर ने प्रधानमंत्री को बताया कि लगातार बारिश और बाढ़ के कारण लगभग 133 गांव तबाह हो गए हैं और 42,000 एकड़ से अधिक उपजाऊ कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने पटियाला पर विशेष ध्यान देने की अपील की, क्योंकि घग्गर, टांगरी और मारकंडा नदियों के कारण यह जिला लगभग हर साल बाढ़ का शिकार होता है।

परनीत कौर ने प्रधानमंत्री से कहा है कि “वह केंद्रीय जल आयोग को घग्गर नदी के बारे में पूरी जांच करने और स्थायी समाधान खोजने का आदेश दें, ताकि पटियाला और आस-पास के इलाकों के लोगों को बार-बार आने वाली बाढ़ से राहत मिल सके।”

अंत में, परनीत कौर ने प्रधानमंत्री का उनके दौरे के लिए फिर से धन्यवाद किया और भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार के सहयोग से पंजाब इस मुश्किल समय से बाहर निकल आएगा।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top