मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरोला में 210 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तरकाशी जिले के पुरोला में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 210 करोड़ रुपये की 55 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 35 योजनाओं का लोकार्पण और 20 का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से पुरोला और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। ये योजनाएं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद करेंगी। उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
इनमें पुरोला स्थित खेल मैदान का उच्चीकरण, मोरी के देवरा गांव में कर्ण महाराज मंदिर और नौगांव में रुद्रेश्वर महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण शामिल है। इसके अलावा नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का विस्तारीकरण और पुरोला–नौगांव मोटर मार्ग होते हुए मोरी बैंड तक बाईपास रोड का निर्माण भी शामिल है।मोरी पट्टी गडूगाड़ के देवजानी ओरा से केदारकांठा तक के क्षेत्र को पर्यटक क्षेत्र घोषित करने की घोषणा भी की गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो रहा है, उन्हें समयबद्ध और प्राथमिकता से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की गई है। इसके अलावा राज्य सरकार ने सख्त भू-कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू की है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पुरोला क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों और पेयजल के क्षेत्र में जो कार्य हुए हैं, वे क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन और बागवानी की अपार संभावनाओं की भी बात कही।
कार्यक्रम में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में सिल्क्यारा सुरंग रेस्क्यू, UCC और विकास योजनाओं जैसे कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
इस मौके पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक माल चंद, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।