logo
Latest

ओंकारानंद इंस्टीट्यूट में विश्व पर्यावरण दिवस पर जागरूकता और हरियाली का संदेश।


ढ़ालवाला की ग्रामीण महिलाओं के प्राकृतिक उत्पादों को मिली सराहना।

आशीष लखेड़ा /ऋषिकेश/उत्तराखंड लाइव:  ओंकारानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में विश्व पर्यावरण दिवस बड़े हर्षोल्लास और पर्यावरणीय संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय ग्रामौद्योग संस्थान, ढालवाला की अध्यक्षा गीता चंदोला, संस्थान के निदेशक डॉ. प्रवीण कुमार राठी, बी.एड. प्राचार्य डॉ. संतोष डबराल एवं प्रबंधन विभाग के प्राचार्य डॉ. विकास गैरोला द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुई।

डॉ. राठी ने पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘प्लास्टिक प्रदूषण’ जैसे वैश्विक मुद्दे पर चिंता व्यक्त की और प्लास्टिक के सीमित उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को शपथ दिलाई कि वे पर्यावरण संरक्षण हेतु समर्पित रहेंगे और समाज में जागरूकता फैलाएंगे।

मुख्य अतिथि गीता चंदोला ने ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की प्रेरणादायी कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके संगठन से जुड़ी लगभग 200 महिलाएं पूरी तरह से प्राकृतिक उत्पादों का निर्माण कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग कर रही हैं। संस्था ने 35 वर्षों में अनेक स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए हैं।

बी.एड. विभाग के प्राचार्य डॉ. संतोष डबराल ने एनसीटीई 2.0 के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए सभी को प्रेरित किया कि वे हर दिन को पर्यावरण दिवस की तरह मनाएं और वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।

कार्यक्रम में बी.एड. के विद्यार्थियों द्वारा ‘कल’ शीर्षक से एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें वायु, जल एवं धरती के प्रदूषण जैसे पर्यावरणीय विषयों पर मार्मिक प्रस्तुति दी गई। साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में गीता चंदोला के साथ कंप्यूटर साइंस विभाग की प्राध्यापिकाएं सरगम और नूपुर उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर परिसर में 50 पौधों का सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया गया। सभी विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की देखभाल और पोषण की जिम्मेदारी वे स्वयं निभाएंगे।

इस अवसर पर संस्थान के समस्त शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top