logo
Latest

ड्रैगन फ्रूट-कीवी से बनेगा ‘फल पट्टी’ उत्तराखंड


मुख्य सचिव की बैठक में क्लस्टर आधारित फलोत्पादन पर जोर
उत्तराखण्ड लाइव | देहरादून।

मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश को “फल पट्टी” के रूप में विकसित करने की दिशा में ड्रैगन फ्रूट, कीवी और अति सघन सेब बागवानी को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री कृषि विकास योजना के तहत कीवी उत्पादन, एप्पल मिशन, अति सघन सेब बागवानी योजना और सेब तुड़ाई उपरांत प्रबंधन ‘सुफल’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि उच्च हिमालयी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों की जलवायु फलोत्पादन के लिए अनुकूल है। ऐसे में क्लस्टर आधारित और तकनीक समर्थित मॉडल अपनाकर उत्पादकता बढ़ाई जाए।

उन्होंने न्यूनतम 10 क्लस्टरों के चरणबद्ध विकास, 30 प्रगतिशील किसानों को तैयार करने, उच्च उत्पादक किस्मों के चयन और वैज्ञानिक प्रशिक्षण पर जोर दिया। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में औपचारिकता के बजाय धरातल पर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उद्यान विभाग ने जानकारी दी कि कीवी उत्पादन के लिए न्यूज़ीलैंड से आई विशेषज्ञ टीम तकनीकी मार्गदर्शन दे रही है। वहीं सुफल योजना के तहत भंडारण, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और विपणन व्यवस्था मजबूत कर किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस किया जा रहा है।

मुख्य सचिव ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय और वानिकी विश्वविद्यालय भरसार को क्षेत्र-विशिष्ट शोध और प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top