logo
Latest

अजमेर में उत्तराखंड धर्मशाला के नए तल का लोकार्पण।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आश्रम हेतु 50 लाख की अतिरिक्त सहयोग राशि घोषित की।

उत्तराखण्ड लाइव | अजमेर

अजमेर स्थित अखिल भारतीय उत्तराखंड धर्मशाला, तीर्थराज पुष्कर के द्वितीय तल का लोकार्पण आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। कार्यक्रम में प्रवासी उत्तराखंडियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक परंपराओं में पुष्कर को पंचतीर्थों का गुरु माना गया है और यह स्थान सनातन संस्कृति की आध्यात्मिक ज्योति का केंद्र है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा का पुण्य तभी पूर्ण माना जाता है जब श्रद्धालु पुष्कर सरोवर में स्नान करते हैं। मुख्यमंत्री ने भावुक होकर कहा कि इसी आस्था से प्रेरित होकर उनके माता-पिता ने उनका नाम ‘पुष्कर’ रखा।

उन्होंने आश्रम निर्माण में सहयोग देने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह धर्मशाला श्रद्धालुओं के लिए बड़ा सहारा बनेगी और राजस्थान–उत्तराखंड के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और केदारनाथ–बद्रीनाथ पुनर्निर्माण जैसे कार्यों ने भारतीय आध्यात्मिक धरोहर को नई पहचान दी है। उत्तराखंड सरकार भी केदारखंड–मानसखंड मंदिर क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण और विभिन्न तीर्थ परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान बचाने के लिए राज्य सरकार ने जबरन धर्मांतरण पर सख्ती, अवैध कब्जों को हटाने, समान नागरिक संहिता लागू करने और अवैध मदरसों को बंद करने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडियों से आग्रह किया कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं को गर्व के साथ आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि आश्रम निर्माण के लिए राज्य सरकार पूर्व में एक करोड़ रुपए की सहायता प्रदान कर चुकी है।

कार्यक्रम में ओंकार सिंह लखावत, सुरेश सिंह रावत, लोकबंधु, एस. एस. तड़ागी, राजेंद्र व्यास और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी उपस्थित रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top