logo
Latest

ऋषिकेश में इंटरनेशनल योग फेस्टिवल 2026 का शुभारंभ, 80 से अधिक देशों के 1500 योग साधक पहुंचे


परमार्थ निकेतन में सप्ताह तक चलेगा महोत्सव, योग-ध्यान और आध्यात्मिक सत्रों से गूंजा गंगा तट

आशीष लखेड़ा।उत्तराखण्ड लाइव
विश्व प्रसिद्ध इंटरनेशनल योग फेस्टिवल 2026 का शुभारंभ सोमवार को परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में आध्यात्मिक उत्साह और ऊर्जा के साथ हुआ। एक सप्ताह तक चलने वाले इस महोत्सव में 80 से अधिक देशों से करीब 1500 योग साधक, योग जिज्ञासु और 25 से अधिक राजदूत, उच्चायुक्त व राजनयिक भाग ले रहे हैं।

महोत्सव के पहले दिन माँ गंगा की आरती के दौरान योग साधकों ने संगीत, योग और मल्लखंभ के अनोखे संगम का अनुभव किया। गंगा तट पर सुबह से शाम तक योग सत्र, आध्यात्मिक प्रवचन, वैदिक अनुष्ठान और प्रेरणादायक संगीत के साथ वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि हिमालय और माँ गंगा के पावन तट पर आयोजित यह महोत्सव पूरी मानवता को एक सूत्र में जोड़ने वाला वैश्विक आध्यात्मिक संगम है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं बल्कि मानवता को एक परिवार के रूप में जोड़ने का मार्ग है।

इंटरनेशनल योग फेस्टिवल की निदेशक साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि आज दुनिया में जो चुनौतियाँ दिखाई देती हैं, उन्हें साधना और समर्पण के माध्यम से प्रेम और सकारात्मक ऊर्जा में बदला जा सकता है।

महोत्सव में योगाचार्य टॉमी रोसेन, शिवा रे, आनंद मेहरोत्रा, ईशान तिगुनायत सहित कई अंतरराष्ट्रीय योग गुरु और आध्यात्मिक वक्ता शामिल हुए। दिनभर प्रतिभागियों ने हठ योग, प्राणायाम, विन्यास योग, कुंडलिनी योग, चक्र बैलेंसिंग और ध्यान सत्रों में भाग लिया।

संध्या में परमार्थ निकेतन की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के बाद प्रतिभागियों ने मल्लखंभ की विशेष प्रस्तुति का भी आनंद लिया। इस कार्यशाला का संचालन द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित योगेश मालवीय और योगी कोमलेश्वर ने किया, जबकि परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों ने योगाचार्य मयंक भट्ट के नेतृत्व में प्रस्तुति दी।

यह महोत्सव योग, आध्यात्मिकता और वैश्विक एकता का संदेश देते हुए अगले कई दिनों तक ऋषिकेश में जारी रहेगा।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top