logo
Latest

लेखक गांव में विरासत और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम


13 से 19 मार्च, सात दिनों तक चलेगा यह उत्सव

आशीष लखेड़ा। उत्तराखण्ड लाइव
देहरादून के थानों स्थित लेखक गांव में विरासत कला उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, साहित्य और कला का दर्शन देखने को मिलेगा। सात दिवसीय उत्सव कार्यक्रम में देशभर से आए कलाकार अपनी परंपराओं, लोककला और साहित्यिक अभिव्यक्तियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को प्रस्तुत करेंगे।

13 से 19 मार्च 2026 तक सात दिवसीय इस ‘विरासत कला उत्सव’ उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार), स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय और स्पर्श हिमालय फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

भारतीय कला, संस्कृति, साहित्य और परंपराओं की समृद्ध विरासत को समर्पित इस उत्सव में देशभर के कलाकार, साहित्यकार और संस्कृति प्रेमी एक मंच पर एकत्र होंगे और भारतीय सांस्कृतिक विविधता के अनेक रंग प्रस्तुत करेंगे।

लेखक गांव में प्रतिदिन सायं 6 बजे से होने वाले इस सात दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव में कविता, संगीत, नृत्य, नाटक और लोकसंस्कृति के विविध आयामों की प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने को मिलेंगी। उत्सव का शुभारंभ 13 मार्च को भव्य कवि सम्मेलन से होगा, जिसमें काव्य की विभिन्न विधाओं के माध्यम से श्रोताओं को साहित्यिक रस का अनुभव कराया जाएगा।

इसके बाद कार्यक्रमों की श्रृंखला में शास्त्रीय गायन और वादन, शास्त्रीय नृत्य (फ्यूजन) और ओडिशी नृत्य की प्रस्तुतियां भारतीय संगीत और नृत्य परंपरा की गरिमा को मंच पर जीवंत करेंगी।

उत्सव के दौरान नाट्य प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण रहेंगी, जिनमें समकालीन जीवन, सामाजिक संवेदनाओं और मानवीय मूल्यों को अभिव्यक्त करने वाले नाटकों का मंचन किया जाएगा। साथ ही देश के विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां भारतीय लोकसंस्कृति की विविधता को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करेंगी।

उत्सव के समापन अवसर पर सूफी और कबीर गायन के साथ नाट्य मंचन भी किया जाएगा, जो भारतीय आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की गहराई को उजागर करेगा।

आयोजकों के अनुसार यह उत्सव साहित्य, कला और संस्कृति के समन्वय का एक विशेष मंच बनेगा और लेखक गांव को एक जीवंत सांस्कृतिक और साहित्यिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

TAGS: No tags found

Video Ad


Top