logo
Latest

प्रधानमंत्री मोदी के 11 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी बोले — भारत ने बनाई वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारत ने इन वर्षों में वैश्विक मंच पर एक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ अनेक ऐतिहासिक फैसले लिए गए। यह समय देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, विकास, और नवाचार के लिए बेहद अहम रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक वरदान साबित हो रही है। मेक इन इंडिया के जरिए भारत की निर्यात क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, किसान सम्मान निधि, और निःशुल्क राशन योजना जैसी कई योजनाओं से करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला है। इसका परिणाम है कि भारत में गरीबी दर में 80% से अधिक की गिरावट दर्ज हुई है और 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर प्रतिबंध जैसे फैसलों ने भारत को एक नए मार्ग पर अग्रसर किया है। अब भारत स्वदेशी रक्षा उपकरणों का निर्माण और निर्यात कर रहा है। रक्षा क्षेत्र में तेज़ी से प्रगति हो रही है।

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भारत की वैश्विक रैंकिंग 142 से सुधरकर 63 पर पहुंची है। मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए 12.75 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स छूट दी गई है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में मोदी सरकार ने बड़ी प्रगति की है। देश के 99% गांव अब सड़क कनेक्टिविटी से जुड़े हैं और प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है। रेल और हवाई संपर्क भी तेजी से बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। स्टार्टअप इंडिया योजना ने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बना दिया है।

उत्तराखंड के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड, केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे जैसी बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है, जिससे प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top