श्री परशुराम भवन के मुख्यद्वार पर पूर्ण कर्मकांड एवं वैदिक मंत्रों द्वारा भगवान परशुराम की मूर्ति की स्थापना की गई
चण्डीगढ़ : भगवान परशुराम भवन, सैक्टर 37 में बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से श्री विष्णु भगवान के छठे अवतार भगवान परशुराम जी का जन्म महोत्सव मनाया गया। अक्षय तृतिया और भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन पर्व के शुभ अवसर पर भगवान परशुराम जी की सुंदर और आकर्षक मूर्ति की स्थापना भवन के मुख्य द्वार पर पूर्ण कर्मकांड एवं वैदिक मंत्रों द्वारा की गयी। श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ द्वारा कुछ प्रतिभाशाली व्यक्तियों को उनके द्वारा किये गए विशेष कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के चलते चंडीगढ़ सांसद के चुनाव के लिए प्रत्याशियों संजय टंडन और मनीष तिवारी भी भगवान परशुराम जी का आशीर्वाद लेने के लिए उपस्थित हुए। अन्य सर्व ब्राह्मण सभा के प्रतिनिधियों ने अमित शर्मा के नेतृत्व में एक विशाल शोभा यात्रा निकाली जो भगवान परशुराम भवन, सैक्टर 37 सी से प्रारंभ होकर सैक्टर 45 (बुड़ैल) के शिव मन्दिर में संपन्न हुई। युवाओं में एक विशेष उत्साह की लहर देखने को मिली।
आज इस अवसर पर श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ की वार्षिक साधारण बैठक भी आयोजित की गयी जिसमें सभा की चयनित कार्यकारिणी द्वारा वर्ष 2023-24 में किये गए महत्वपूर्ण कार्यों का विवरण प्रस्तुत करते हुए सभा के प्रधान यशपाल तिवारी ने कहा कि आने वाले समय में धर्मशाला में ठहरने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए एक लिफ्ट का भी प्रावधान किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन उपरांत विशाल भंडारा लगाया गया।
इससे पहले श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ द्वारा दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के सहयोग से पांच दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परमपूज्य गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या सुश्री संयोगिता भारती जी ने 6 मई से लेकर 10 मई तक पांच दिनों में श्री राम चंद्र जी के संपूर्ण संघर्षमय जीवन का चरित्र चित्रण प्रस्तुत करते हुए विस्तार से श्रद्धालु श्रोताओं बड़ी सरलता और सहजता से भजन कीर्तन के माध्यम से समझाया। महिला संकीर्तन मंडली की ओर से साध्वी सुश्री संयोगिता भारती जी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ के प्रधान श्री यशपाल तिवारी ने स्वामी श्री गुरुकृपानंद जी एवं स्वामी श्री सतबीरानंद जी का धन्यवाद करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया। श्री ब्राह्मण सभा, श्री देवालय पूजक परिषद एवं महिला संकीर्तन मंडली ने दिव्य ज्योति जागृति संस्थान से पधारी साध्वियों सहित अन्य सदस्यों को भावभीनी विदाई देते हुए नम आँखों से अभिनंदन किया।