पांच प्रमुख सुधार श्रेणियों में देशभर में सर्वोच्च उपलब्धि हासिल, उद्योग समागम 2025 में मिला सम्मान।
उत्तराखण्ड लाइव | नई दिल्ली।
उत्तराखंड को व्यापार सुधार कार्य योजना (BRAP 2024) के तहत पाँच प्रमुख सुधार श्रेणियों में टॉप अचीवर्स पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सर्वाधिक है। मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित उद्योग समागम 2025 में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उत्तराखंड सरकार के उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे और महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग डॉ. सौरभ गहरवार को प्रदान किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद भी मौजूद रहे।
उत्तराखंड को व्यवसाय प्रवेश, निर्माण परमिट सक्षमकर्ता, पर्यावरण पंजीकरण, निवेश सक्षमकर्ता, और श्रम विनियमन सक्षमकर्ता जैसे पाँच सुधार क्षेत्रों में सर्वोच्च उपलब्धि प्राप्त करने वाला राज्य माना गया है। 2015 में 23वें स्थान से शुरुआत कर आज राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त करना राज्य की व्यवसाय सुगमता (EoDB) यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड ने पारदर्शिता, दक्षता और निवेशक केंद्रित सुधारों को अपनाया है। उन्होंने बताया कि राज्य ने आवेदन से लेकर अंतिम मंजूरी और नवीनीकरण तक की पूरी प्रक्रिया को डिजिटलीकृत कर दिया है। अब 20 से अधिक विभागों की 200 से ज्यादा सेवाएं एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों में वृद्धि हुई है।
निवेशकों की सहायता के लिए राज्य ने उत्तराखंड सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ इन्वेस्टमेंट, स्टार्टअप एंड एंटरप्रेन्योरशिप (UK-SPISE) की स्थापना की है। यह संस्था निवेशकों को परियोजना से लेकर क्रियान्वयन तक हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रही है।
राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को औद्योगिक निवेश के लिए देश का अग्रणी गंतव्य बनाना है। BRAP 2024 में शीर्ष स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि राज्य की नीतियाँ उद्योग-अनुकूल हैं और निवेशकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार और प्रदेश की आर्थिक प्रगति दोनों को नई दिशा देगी।



