logo
Latest

लोगों को धोखाधड़ी वाले डिजिटल लेनदेन के बारे में सचेत किया रिज़र्व बैंक ओम्बड्समैन कार्यालय, चण्डीगढ़ ने


चण्डीगढ़ : रिज़र्व बैंक ओम्बड्समैन कार्यालय, चण्डीगढ़ ने आज अंबाला में कार्यक्रम आयोजित किया जिसका मुख्य उद्देश्य रिज़र्व बैंक ओम्बड्समैन योजना के बारे में जानकारी फैलाना और लोगों को धोखाधड़ी वाले डिजिटल लेनदेन के बारे में सचेत करना था। यह कार्यक्रम बैंक खाताधारकों, पेंशनभोगियों, विद्यार्थियों, वेतनभोगियों, वरिष्ठ नागरिकों, उद्यमियों, किसानों आदि के लाभ के लिए आयोजित किया गया।प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता उप लोकपाल (प्रभारी), आरबीआई नवीन कु. आदर्श ने कहा कि ग्राहकों को अपनी जोखिम क्षमता और आवश्यकताओं के अनुसार उपलब्ध निवेश/जमा विकल्पों की पहचान करने में सावधानी बरतनी चाहिए। वक्ता ने यह भी अनुरोध किया कि ऋण सुविधाओं का लाभ उठाते समय ग्राहकों को ऋण अनुशासन बनाए रखना चाहिए। इसी दौरान नामांकन, लॉकर व्यवस्था, बीमा और अन्य उत्पादों के बीच अंतर के बारे में क्या करें और क्या न करें, इस पर विस्तार से चर्चा की गई। सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग प्रथाओं के पहलू पर, प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया कि वे ओटीपी, खाता/कार्ड विवरण, पिन, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड आदि साझा न करें और किसी भी भय या प्रलोभन के प्रभाव में धन हस्तांतरित न करें।

प्रतिभागियों से यह भी आग्रह किया गया कि सेवा प्रदाताओं के केवल आधिकारिक ऐप, वेबसाइट और कॉल सेंटर नंबर का ही उपयोग किया जाना चाहिए और मोबाइल या ईमेल पर प्राप्त होने वाले संदेशों जैसे केवाईसी विवरणों को अपडेट करना, बिजली और गैस की आपूर्ति को बंद करना, सिम कार्ड को ब्लॉक करना, क्रेडिट कार्ड में रिवार्ड पॉइंट्स को रेडीम, निवेश प्रस्ताव, टेलीग्राम के माध्यम से नौकरी की पेशकश आदि जैसे किसी भी लिंक को डाउनलोड करके या अन्यथा आने वाले संदेशों पर अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए। इसी प्रकार, विदेशी रिश्तेदारों को निधियों के विप्रेषण के संबंध में प्राप्तकर्ताओं को दिए गए किसी भी संदेश पर उचित पुष्टि के बाद ही कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके अलावा, प्रतिभागियों को बताया गया कि कानून में ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ जैसा कुछ नहीं है और अगर ‘डिजिटल गिरफ्तारी’ की धमकी देने का कोई प्रयास किया जाता है, तो किसी को भी व्यक्तिगत / वित्तीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए या पैसे नहीं देने चाहिए। जागरूकता बढ़ाने और वित्तीय धोखाधड़ी के प्रयासों को रोकने के लिए कार्यक्रम के दौरान “आरबीआई कहता है” से संबंधित वीडियो चलाए गए। प्रतिभागियों का ध्यान विशेष रूप से भारत सरकार द्वारा शुरू की गई ‘संचार साथी’ वेबसाइट (https://www.sancharsathi.gov.in) की ओर आकर्षित किया गया, जो नागरिकों के लिए संदिग्ध कॉल / फिशिंग लिंक के विवरण की रिपोर्ट करने की सुविधा के रूप में उपलब्ध है।कार्यक्रम को मुख्य रूप से भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधकों विवेक कुमार और सुश्री बबीता कुमार ने संबोधित किया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top