logo
Latest

डोल आश्रम में मुख्यमंत्री ने किया कन्या पूजन


उत्तराखण्ड लाइव | अल्मोड़ा।

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने अल्मोड़ा जनपद के डोल स्थित आश्रम में आयोजित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने 1100 कन्याओं का पूजन कर माँ राजेश्वरी का अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थापित श्रीयंत्र एवं वहां संचालित आध्यात्मिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि डोल आश्रम में स्थापित दुनिया के सबसे बड़े श्रीयंत्र को देखकर विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि बाबा कल्याणदास की तपस्या और साधना के कारण यह स्थान आज वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डोल आश्रम धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक साधना और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है और चारधाम यात्रा में हर वर्ष बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या इसका प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर व्यवस्थाओं और सुविधाओं के विकास के कारण श्रद्धालुओं का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने बाबा कल्याणदास द्वारा वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री Ajay Tamta, विधायक Mohan Singh Mehra, विधायक Manoj Tiwari, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष Govind Singh Kunjwal, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top