logo
Latest

द्रास में कारगिल विजय दिवस समारोह में रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी


राजनाथ सिंह बोले, ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की सैन्य शक्ति साबित की।

द्रास। कारगिल विजय दिवस 2026 के अवसर पर लद्दाख के द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक में आयोजित 27वें विजय दिवस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को लेकर भारत का स्पष्ट और सख्त रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता इस बात का प्रमाण है कि भारत पाकिस्तान के किसी भी दुस्साहस का उसकी कल्पना से भी अधिक कठोर जवाब देने में सक्षम है।रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत पाकिस्तान से किसी भी मुद्दे पर बातचीत नहीं करेगा। यदि कोई संवाद होगा तो वह केवल पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर, यानी पीओके पर होगा। उन्होंने पीओके को भारत का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि उस पर पाकिस्तान ने अवैध कब्जा कर रखा है।

  उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में सेना और आतंकवादी संगठनों के बीच का अंतर समाप्त हो चुका है। पाकिस्तान ने आतंकवाद को अपनी राज्य नीति का हिस्सा बना लिया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब आतंकवादियों और उन्हें संरक्षण देने वाली सरकार को अलग अलग नहीं देखा जाएगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि कारगिल युद्ध के 27 वर्ष बाद भारत और पाकिस्तान की दिशा पूरी तरह बदल चुकी है। भारत नवाचार, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक में आगे बढ़ रहा है, जबकि पाकिस्तान आतंकवाद, घुसपैठ और कट्टरपंथ को बढ़ावा देने में लगा है।उन्होंने विश्वास जताया कि भारत की सरकार ने सेना को हर खतरे का निर्णायक जवाब देने की पूरी छूट दी है। उन्होंने कहा कि जब तक भारतीय सैनिक सीमाओं पर डटे हैं, तब तक कोई भी दुश्मन भारत की ओर बुरी नजर डालने का साहस नहीं कर सकता।

 रक्षा मंत्री ने कारगिल युद्ध के सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कैप्टन विक्रम बत्रा और कैप्टन मनोज कुमार पांडे जैसे वीरों को याद किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस युवाओं के लिए बलिदान, सेवा और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा का दिन है।उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा उत्पादन में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। पहले देश लगभग 65 से 70 प्रतिशत रक्षा उपकरण आयात करता था, जबकि अब लगभग 65 प्रतिशत रक्षा उपकरण भारत में ही बनाए जा रहे हैं। उन्होंने आकाश तीर, तेजस, आईएनएस विक्रांत, प्रचंड, ध्रुव, अर्जुन टैंक, पिनाका और अस्त्र मिसाइल जैसी स्वदेशी रक्षा प्रणालियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत भविष्य में और आधुनिक हथियार तथा लड़ाकू विमान विकसित करेगा। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की, वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी, वर्चुअल वॉकथ्रू पोर्टल का उद्घाटन किया और शौर्य विजय यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top