logo
Latest

पर्यावरण-अनुकूल होम टेक्सटाइल उत्पादों के विकास पर ट्राइडेंट ग्रुप का फोकस


प्राकृतिक फाइबर आधारित होम टेक्सटाइल्स को बढ़ावा देने के लिए ट्राइडेंट ग्रुप और आईसीएआर- निनफेट में रणनीतिक सहयोग की पहल

चंडीगढ़: ट्राइडेंट ग्रुप ने सस्टेनबल और पर्यावरण-अनुकूल टेक्सटाइल नवाचार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय प्राकृतिक रेशा अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईसीएआर -निनफेट) के साथ रणनीतिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक फाइबर आधारित नवीन युग के फाइबर आधारित होम टेक्सटाइल उत्पादों के व्यावसायीकरण को गति देना है।

ट्राइडेंट ग्रुप के फाइबर एवं यार्न विभाग के फंक्शनल हेड डॉ. नेमाई चंद्र राय ने आईसीएआर-निनफेट के निदेशक डॉ. डी.बी. शाक्यवार और संस्थान के वैज्ञानिकों व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अनुसंधान, तकनीकी विकास और औद्योगिक उपयोग के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में प्राकृतिक फाइबरों की वैश्विक स्तर पर बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए नवाचार आधारित और व्यावसायिक रूप से उपयोगी उत्पाद विकसित करने पर जोर दिया गया। प्रस्तावित साझेदारी के तहत दोनों संस्थाएं एक समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर लिनन जैसे कॉटनाइज्ड जूट, हेम्प और अलसी मिश्रित फाइबरों से उन्नत होम टेक्सटाइल उत्पाद विकसित करेंगी।

आईसीएआर-निनफेट की रिसर्च विशेषज्ञता और ट्राइडेंट ग्रुप की मजबूत विनिर्माण क्षमता, उत्पाद विकास अनुभव तथा वैश्विक बाजार पहुंच को मिलाकर पर्यावरण-अनुकूल होम टेक्सटाइल उत्पादों की व्यावसायिक संभावनाओं को मजबूत किया जाएगा। ट्राइडेंट ग्रुप घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इन उत्पादों की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सहयोग के तहत कॉटनाइजेशन, ब्लेंडिंग, स्पिनिंग, वीविंग और फिनिशिंग जैसी आधुनिक फाइबर प्रोसेसिंग तकनीकों पर कार्य किया जाएगा, जिससे उच्च गुणवत्ता वाले और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार टेक्सटाइल समाधान विकसित किए जा सकें।

यह पहल देश में प्राकृतिक फाइबर इकोसिस्टम को मजबूत करने, टिकाऊ विकल्पों को बढ़ावा देने और वैश्विक टेक्सटाइल निर्यात में भारत की स्थिति को और सशक्त बनाने में सहायक मानी जा रही है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और हरित औद्योगिक विकास की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप यह साझेदारी टेक्सटाइल क्षेत्र में नवाचार आधारित सतत विकास को आगे बढ़ाने की दिशा में ट्राइडेंट ग्रुप की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top