logo
Latest

पशुपालन और मत्स्य पालन से बढ़ रहा स्वरोजगार : मुख्यमंत्री


उत्तराखण्ड लाइव | देहरादून।

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने गुरुवार को निरंजनपुर देहरादून में राज्यभर से आए पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और मत्स्य पालकों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए रेफ्रिजरेटेड फिशरीज वैन को भी फ्लैग ऑफ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, राष्ट्रीय गोकुल मिशन और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएं संचालित कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के अंतर्गत पशुधन इकाइयों की स्थापना की जा रही है, जिसमें पात्र लाभार्थियों को 90 प्रतिशत तक ऋण अनुदान दिया जा रहा है। गोट वैली और पोल्ट्री वैली योजनाओं के माध्यम से भी पशुपालकों को सहायता प्रदान की जा रही है। पिछले चार वर्षों में गौ पालन, बकरी पालन और भेड़ पालन के जरिए राज्य में साढ़े 11 हजार से अधिक लोगों को स्वरोजगार मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया that पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 60 विकासखंडों में मोबाइल वेटरनरी यूनिट्स संचालित की जा रही हैं तथा प्रत्येक जनपद में मॉडल पशु चिकित्सालय बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सीमांत क्षेत्रों के पशुपालकों को आईटीबीपी के माध्यम से सीधा बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को वर्ष 2030 तक खुरपका-मुंहपका रोग मुक्त राज्य बनाने के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य के दुग्ध उत्पादन में प्रतिवर्ष लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों को लगभग 380 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की कामधेनु “बद्री गाय” के ‘बद्री घी’ को देश में पहला जीआई टैग प्राप्त हुआ है, जिससे इसकी वैश्विक पहचान मजबूत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्राउट फार्मिंग राज्य में स्वरोजगार का बड़ा माध्यम बनकर उभरी है। ट्राउट फार्मिंग को बढ़ावा देने के लिए 170 करोड़ रुपये की ट्राउट प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में ट्राउट हैचरी स्थापित की जा रही हैं।

संवाद कार्यक्रम में हरिद्वार के पशुपालक हरिकिशन लखेड़ा और डोईवाला के अमित सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए और योजनाओं से हुए लाभ की जानकारी दी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री Saurabh Bahuguna ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन के क्षेत्र में कई नवाचार किए गए हैं।

इस अवसर पर अध्यक्ष गौ सेवा आयोग राजेंद्र प्रसाद अंथवाल, उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मोघा, उत्तराखंड मत्स्य पालक विकास अभिकरण के उपाध्यक्ष उत्तम दत्ता, सीमा चौहान और अपर सचिव संतोष बडोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top