logo
Latest

वन क्लिक से जारी हुई 111 करोड़ की पेंशन राशि


उत्तराखण्ड लाइव | देहरादून।

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग के पेंशनर्स को वन क्लिक के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। इस दौरान शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के 7 लाख 56 हजार 682 पेंशनर्स को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि वितरित की गई।

इसमें वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएं शामिल हैं। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र लोगों तक समाज कल्याण योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लोग समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगे भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएं और 59 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोगों का सर्वे कर उनकी औपचारिकताएं पहले से पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं की वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए तथा पेंशन योजनाओं और विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग को नवाचार अपनाने और अन्य विभागों के साथ बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने के भी निर्देश दिए। साथ ही कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में विभागीय मंत्री Khajan Das ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और पेंशन योजनाओं में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चंद्र सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top