श्री सत्य साई सेवा संगठन, भारत के उत्तरी क्षेत्र के पदाधिकारियों का सम्मेलन सम्पन्न
चण्डीगढ़ : श्री सत्य साईं सेवा संगठन, भारत के उत्तरी क्षेत्र के पदाधिकारियों का सम्मेलन ओल्ड एज होम, सेक्टर-30, चंडीगढ़ में सम्पन्न हुआ। संस्था की पदाधिकारी डॉ सोनल चुघ ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में भगवान श्री सत्य साईं बाबा के जन्म के भव्य शताब्दी समारोह के 23 नवंबर, 2025 को होने वाले समापन समारोह की तैयारियों की रूपरेखा तैयार की गई व इसमें सक्रिय रूप से योगदान करने के लिए पदाधिकारियों प्रेरित किया गया।
सम्मेलन में श्री सत्य साई सेवा संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष निमिष पंड्या और अन्य राष्ट्रीय समन्वयक उपस्थित रहे तथा जम्मू और कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के लगभग 200 पदाधिकारियों ने भाग लिया। ये आयोजन संस्था के उत्तरी क्षेत्र की आध्यात्मिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद राव भी इस अवसर पर उपस्थित हुए व उन्होंने स्वामी जी निमिष पंड्या का आशीर्वाद लिया और प्रशांति निलयम में अपने स्कूल के दिनों के अपने अनमोल अनुभवों को सांझा किया।
संस्था के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ आरबी खरब ने बताया कि दो दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की आध्यात्मिक और भक्ति गतिविधियाँ शामिल रहीं जिसमें नगर संकीर्तन, ओंकारम, सुप्रभातम व भजन संध्या एवं सुबह के समय सुखना झील पर एक शांत ध्यान सत्र आदि का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आध्यात्मिक विकास, शिक्षा और निःस्वार्थ सेवा सहित संगठन के प्रमुख पहलुओं पर केंद्रित चर्चाएँ भी की गईं। इस दौरान श्री सत्य साईं दिव्यांग जन सेवा, प्रेमथारू और लिक्विड ऑफ लव कार्यक्रम जैसी पहलों पर विशेष जोर दिया गया। राष्ट्रीय समन्वयकों ने श्री सत्य साईं रथ यात्रा, श्री सत्य साईं क्रिकेट लीग, लघु फिल्म निर्माण और रन फॉर वैल्यूज़ जैसे प्रभावशाली आउटरीच कार्यक्रमों पर भी प्रकाश डाला।