डॉ. अनीश गर्ग बने खादी संघ के ट्रस्टी
चण्डीगढ़ : आज सैनी भवन, सैक्टर 24-सी में खादी सेवा संघ, पंजाब, आचार्य कुल संस्था एवं संवाद साहित्य मंच के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा गांधी जी का श्रद्धांजलि दिवस मनाया गया। इस अवसर पर खादी सेवा संघ पंजाब के चेयरमैन केके शारदा एवं सचिव गुरपाल सिंह ने चण्डीगढ़ के प्रतिष्ठित कवि एवं समाज सेवी डॉ. अनीश गर्ग को सर्वसम्मति से खादी सेवा संघ पंजाब का ट्रस्टी नियुक्त किया। इस मौके पर संवाद साहित्य मंच के अध्यक्ष प्रेम विज एवं क्राफड के चेयरमैन हितेश पुरी, पंजाबी लेखक सभा के प्रधान दीपक चनारथल और शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शाल एवं फूल-मालाएं पहनाकर डॉ. अनीश गर्ग को सम्मानित किया।
शारदा ने कहा कि डॉ. अनीश गर्ग की कर्मठता, सक्रियता एवं निष्ठा भाव से प्रभावित होकर यह दायित्व सौंपा गया है। डॉ. अनीश गर्ग शहर की अग्रणी रेजिडेंट फेडरेशन क्राफ्ड के महासचिव के साथ साथ नगर निगम की टाऊन वेंडिंग कमेटी के मनोनीत सदस्य हैं। वे संस्कार भारती, चण्डीगढ़ के साहित्य विधा प्रमुख और शहर लगभग सभी संस्थाओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यहाँ उपस्थित सभी गणमान्यों ने कहा कि खादी सेवा संघ इनकी सहभागिता से स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। डॉ. अनीश गर्ग ने सभी का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली समझते हैं कि उन्हें इतना महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे खादी ग्रामोद्योग एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इस महत्वपूर्ण दिवस पर गांधीवादी विचारक प्रेम विज ने गांधी 1969 में छपी गांधी को समर्पित तत्कालीन विभिन्न कवियों द्वारा रचित ऐतिहासिक पुस्तक ‘गांधी शतदल’ को शारदा एवं डॉ. अनीश गर्ग को भेंट किया। इस अवसर पर डा. संगीता शर्मा कुंद्रा ‘गीत’ के संचालन में गांधी जी को उपस्थित कवियों द्वारा कविताओं के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर प्रेम विज, बहादुर सिंह गौसल, आर डी कैले, शायर भट्टी, डेज़ी बेदी, एम एल अरोड़ा, हरेंद्र सिन्हा, मिकी पासी, पल्लवी रामपाल ने गांधी जी पर प्रभावशाली कविताएं रखीं। इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर राजेश राय रिटायर्ड आईआरएस, अमनदीप सिंह जलविद्, सर्बजीत सिंह लहरी, धर्मपाल, नरिंदर निंदी, ओंकार चंद, अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे। वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज ने आए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।