logo
Latest

देहरादून ने जीती मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी


समापन समारोह में 5 लाख की ट्रॉफी, खेल भविष्य पर जोर
उत्तराखण्ड लाइव | देहरादून।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ननूरखेड़ा, देहरादून में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून जनपद को विजेता ट्रॉफी और 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता का समापन नहीं, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल खेल भविष्य की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं अब गाँव-गाँव और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच दे रही हैं। राज्य में 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से खिलाड़ियों के खातों में भेजी जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने 103 पदक जीतकर पहली बार 7वाँ स्थान हासिल किया। प्रदेश में आठ शहरों में 23 खेल अकादमियाँ स्थापित करने की दिशा में कार्य चल रहा है। हल्द्वानी में पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी प्रगति पर है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 23 नवम्बर 2025 से शुरू हुई प्रतियोगिताओं का समापन 18 फरवरी 2026 को हुआ। इसमें 1 लाख 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और 26 खेल स्पर्धाएँ आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए प्रतिभाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top