logo
Latest

केदारनाथ यात्रा में प्रसाद व्यवस्था को नई उड़ान, स्थानीय महिलाओं को मिला रोजगार का बड़ा अवसर


रुद्रप्रयाग : श्री केदारनाथ धाम यात्रा में इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को उच्च गुणवत्ता वाला प्रसाद उपलब्ध कराने और स्थानीय लोगों की आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ग्रामोत्थान परियोजना (REAP), रुद्रप्रयाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। परियोजना के तहत स्थानीय उद्यम केदारेश्वर एंटरप्राइजेज के साथ रणनीतिक अनुबंध किया गया है।इस पहल को सफल बनाने के लिए ग्रामोत्थान परियोजना ने केदारेश्वर एंटरप्राइजेज को ₹5 लाख की परियोजना सहायता प्रदान की है। इस सहयोग का उद्देश्य एक ओर जहां बाबा केदार के भक्तों को गुणवत्तापूर्ण प्रसाद उपलब्ध कराना है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना भी है।


परियोजना से जय स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को जोड़ा गया है, जो प्रसाद की पैकेजिंग का कार्य कर रही हैं। इससे महिलाओं को नियमित रोजगार मिलने के साथ-साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो रही है। यह पहल महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
केदारेश्वर एंटरप्राइजेज द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से तैयार पंचमेवा, ड्राई फ्रूट्स तथा श्री केदारनाथ मंदिर स्मृति चिन्ह (सोविनियर) आकर्षक एवं पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद मिल रहे हैं, बल्कि केदारनाथ धाम की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी बढ़ावा मिल रहा है।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top