logo
Latest

पौड़ी को 110 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात


उत्तराखण्ड लाइव | पौड़ी गढ़वाल।

मुख्यमंत्री धामी ने डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया, कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ कर इसे राजकीय महोत्सव बनाने की घोषणा की।**

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को पौड़ी गढ़वाल दौरे के दौरान श्रीनगर रोड स्थित डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात दी, जिनमें 14 योजनाओं का शिलान्यास और 5 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण कर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वैज्ञानिक मॉडलों, प्रयोगों और प्रदर्शनों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षा एवं नवाचार का केंद्र बनेगा तथा उनमें वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और अनुसंधान की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने चारधाम यात्रा, हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति तथा स्वरोजगार योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास को पहाड़ के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में युवाओं के हितों की रक्षा के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और सख्त भू-कानून को राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनसे रोजगार, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा।

TAGS: No tags found

Video Ad


Top